सिमर भाटिया की दूसरी फिल्म का ऐलान! रोशन मैथ्यू संग रोमांस में जमाएंगी रंग

बॉलीवुड में डेब्यू के फौरन बाद ही अक्षय कुमार की भांजी सिमर भाटिया एक नई और दिलचस्प फिल्म के साथ वापसी करने जा रही हैं, जो फैंस के लिए किसी सरप्राइज से कम नहीं है।

Aug 29, 2026 - 08:24
Aug 29, 2026 - 22:30
 0
सिमर भाटिया की दूसरी फिल्म का ऐलान! रोशन मैथ्यू संग रोमांस में जमाएंगी रंग

अनन्य सोच। श्रीराम राघवन की फिल्म 'इक्कीस' से बॉलीवुड में कदम रखने वालीं सिमर भाटिया अब अपनी दूसरी फिल्म को लेकर सुर्खियों में हैं। बता दें कि सिमर, एक्ट्रेस अलका भाटिया की बेटी हैं और अक्षय कुमार की भांजी लगती हैं, जिस वजह से उनके डेब्यू से लेकर अब तक हर प्रोजेक्ट पर फैंस की नजरें टिकी रहती हैं। ताजा जानकारी के अनुसार, इस बार सिमर मलयालम सिनेमा के जाने-माने एक्टर रोशन मैथ्यू के साथ स्क्रीन शेयर करती नजर आएंगी। दोनों एक अनटाइटल्ड रोमांटिक कॉमेडी फिल्म में साथ काम करेंगे, जिसे एक इमोशनल और कैरेक्टर-बेस्ड लव स्टोरी के तौर पर तैयार किया जा रहा है।

इस खास फिल्म का डायरेक्शन अधिराज बोस करेंगे, जो इसके जरिए बतौर डायरेक्टर अपना फीचर फिल्म डेब्यू करने जा रहे हैं। इससे पहले अधिराज 'एक थी डायन' और 'तलवार' जैसी चर्चित फिल्मों में असिस्टेंट डायरेक्टर के तौर पर काम कर चुके हैं, ऐसे में उनके डायरेक्शन डेब्यू को लेकर भी फिल्म इंडस्ट्री में उत्सुकता बनी हुई है। फिल्म को प्रोड्यूसर आयुष माहेश्वरी अपने बैनर बीएलएम पिक्चर्स के तहत बनाएंगे। इससे पहले यह प्रोडक्शन हाउस 'धक धक', 'लूप लपेटा' और 'यारियां 2' जैसी चर्चित फिल्में बना चुका है, जिससे इस नई रोमांटिक फिल्म को लेकर भी दर्शकों की उम्मीदें बढ़ गई हैं। मेकर्स की योजना नवंबर से फिल्म की शूटिंग शुरू करने की है, और अगर सब कुछ प्लान के मुताबिक रहा तो यह फिल्म अगले साल के मध्य तक सिनेमाघरों में दस्तक दे सकती है।

इस बीच रोशन मैथ्यू के लिए भी यह साल किसी सौगात से कम नहीं है। वे जल्द ही डायरेक्टर प्रशांत नायर, जो 'ट्रायल बाय फायर' जैसी चर्चित सीरीज बना चुके हैं, की नई स्कैम-थ्रिलर सीरीज 'जॉब ट्रैफिकिंग' में भी नजर आने वाले हैं। यह सीरीज अगले साल की शुरुआत में अमेजन प्राइम वीडियो पर स्ट्रीम होने की उम्मीद है। रोशन इससे पहले मलयालम सिनेमा में 'सी यू सून', 'मूथोन' और हाल ही रिलीज हुई 'उयिर' जैसी फिल्मों से अपनी दमदार पहचान बना चुके हैं।