नारायण निवास पैलेस में 28-29 नवंबर को पहला Jaipur Raga Festival
कणिका पांडे फ़ाउंडेशन 28-29 नवंबर 2026 को जयपुर के नारायण निवास पैलेस में पहला Jaipur Raga Festival करेगा। पं. साजन मिश्र, पं. राजेंद्र गंगानी और शशांक सुब्रमण्यम देंगे प्रस्तुति।
अनन्य सोच । गुलाबी नगरी में शास्त्रीय संगीत प्रेमियों के लिए खास मौका आ रहा है। कणिका पांडे फ़ाउंडेशन शनिवार 28 और रविवार 29 नवंबर 2026 को होटल नारायण निवास पैलेस में पहला Jaipur Raga Festival आयोजित करेगा। दो दिन के इस Indian Classical Music उत्सव में वरिष्ठ गुरु और युवा साधक प्रस्तुति देंगे। साथ ही workshops, live demonstration और फ़ाउंडेशन की scholarships की घोषणा भी होगी।
उद्घाटन में बाँसुरी, शाम को कथक
28 नवंबर की सुबह उद्घाटन समारोह में Grammy nominee बाँसुरी वादक शशांक सुब्रमण्यम प्रस्तुति देंगे। कोलकाता की युवा कलाकार सबीना इस्लाम और संजुक्ता बिस्वास की जुगलबंदी जयपुर में पहली बार सुनने को मिलेगी। शाम का सत्र जयपुर घराने के कथक गुरु और संगीत नाटक अकादमी पुरस्कार से सम्मानित पं. राजेंद्र गंगानी के नाम रहेगा।
Sacred Sounds, सत्रिया और सारंगी
29 नवंबर के प्रभात सत्र 'Sacred Sounds' में डॉ. पुष्कर लेले निर्गुण भक्ति संगीत और पंडित कुमार गंधर्व की गायकी परंपरा प्रस्तुत करेंगे। फ़्रांस की कलाकार पेरीन लेगूलों और पार्थ प्रतिम हज़ारिका असम की लगभग 500 वर्ष पुरानी सत्रिया नृत्य परंपरा की जुगलबंदी पेश करेंगे। सारंगी की आठवीं पीढ़ी के पद्मश्री उस्ताद मोइनुद्दीन ख़ान अपने पुत्र मोमिन ख़ान के साथ मंच साझा करेंगे।
बनारस घराने के साथ समापन
समापन पद्म भूषण पं. साजन मिश्र और उनके पुत्र स्वरांश मिश्र की Banaras Gharana गायकी से होगा। तबले पर अभिषेक मिश्रा, मुक्ता रास्ते और पवन सेम, हारमोनियम पर राजेंद्र बनर्जी और सुमित मिश्रा तथा मृदंगम पर फाल्गुन परुपल्ली संगत करेंगे। सत्रों के बीच पुष्कर लेले की संगीत रसास्वादन कार्यशाला, सत्रिया परिचय सत्र और मिरज के नईम सितारमेकर का वाद्य-निर्माण प्रदर्शन भी होगा।
आयोजकों ने क्या कहा
फ़ाउंडेशन की संस्थापक कणिका पांडे ने कहा कि पं. साजन मिश्र और पं. राजेंद्र गंगानी जैसे गुरुओं की उपस्थिति उनके लिए बड़ा आशीर्वाद है। सह-संस्थापक सुधाकर पांडे के अनुसार यह पहल घरानेदार संगीत की विरासत को अगली पीढ़ी तक पहुँचाने की कोशिश है।