कलेक्टर की संवेदनशील पहल से खिले नौनिहालों के सपने: 34 RTE विद्यार्थियों को मिला नया स्कूल, टूटी पढ़ाई की कड़ी फिर जुड़ी

अचानक बंद हुए स्कूल से रुकी पढ़ाई को मिला समाधान—चैरिटी सहयोग से पोदार वर्ल्ड स्कूल में हुआ प्रवेश, अभिभावकों में खुशी की लहर

कलेक्टर की संवेदनशील पहल से खिले नौनिहालों के सपने: 34 RTE विद्यार्थियों को मिला नया स्कूल, टूटी पढ़ाई की कड़ी फिर जुड़ी

अनन्य सोच। जयपुर जिला कलेक्टर संदेश नायक की त्वरित और संवेदनशील पहल ने 34 नौनिहालों की शिक्षा को नई दिशा दे दी। श्यामनगर (सोडाला) स्थित ट्री हाउस स्कूल के अचानक बंद हो जाने से आरटीई योजना के अंतर्गत अध्ययनरत बच्चों की पढ़ाई बाधित हो गई थी। इस गंभीर स्थिति को समझते हुए जिला प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई कर बच्चों के भविष्य को सुरक्षित किया।

कलेक्टर के निर्देशन में सभी 34 विद्यार्थियों का प्रवेश चैरिटी सहयोग से समाजसेवी विनय चैरडिया द्वारा संचालित पोदार वर्ल्ड स्कूल, कमला नेहरू नगर में कराया गया। यह समाधान अभिभावकों की सहमति और बच्चों के हित को ध्यान में रखते हुए किया गया, जिससे शिक्षा की निरंतरता बनी रहे।

त्वरित समाधान से अभिभावकों को राहत
अतिरिक्त जिला कलेक्टर (चतुर्थ) आशीष कुमार ने बताया कि प्रशासन ने प्राथमिकता के आधार पर इस समस्या का समाधान किया, जिससे अभिभावकों के चेहरों पर संतोष और खुशी साफ दिखाई दी। बच्चों की पढ़ाई बिना रुकावट जारी रहने से परिवारों को बड़ी राहत मिली है।

समाजसेवा और प्रशासन का सफल संगम
इस सराहनीय सहयोग के लिए जिला कलेक्टर ने समाजसेवी विनय चैरडिया को कलेक्ट्रेट में सम्मानित किया। इस पहल में मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी मुकुल कविया और जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक सुनील कुमार सिंघल की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही।

अभिभावकों ने प्रशासन और समाजसेवियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह कदम न केवल बच्चों के भविष्य को सुरक्षित करता है, बल्कि समाज में संवेदनशील शासन का उदाहरण भी प्रस्तुत करता है।

यह पहल दिखाती है कि जब प्रशासन और समाज साथ मिलकर काम करते हैं, तो हर चुनौती का समाधान संभव है और बच्चों के सपनों को नई उड़ान मिलती है।