जालोर दौरे पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का ग्रामीणों से आत्मीय संवाद, विकास कार्यों को लेकर दिए त्वरित निर्देश
पंसेरी गांव में सुबह की सैर के दौरान किसानों, पशुपालकों और बच्चों से मिले मुख्यमंत्री सुन्धा माता मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की
अनन्य सोच | Bhajanlal Sharma ने गुरुवार को जालोर जिले के पंसेरी गांव का दौरा कर ग्रामीणों के बीच पहुंचकर आत्मीय संवाद किया। मुख्यमंत्री ने सुबह गांव की गलियों में भ्रमण करते हुए ग्रामीणों से रामा-श्यामा की और कृषि एवं पशुपालन से जुड़े विषयों पर चर्चा की। इस दौरान उन्होंने स्कूल जा रहे बच्चों से भी बातचीत की, उन्हें चॉकलेट और टॉफियां वितरित कीं तथा मन लगाकर पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया। गांववासियों ने जगह-जगह साफा पहनाकर मुख्यमंत्री का भव्य स्वागत किया।
मुख्यमंत्री ने गांव के मंदिरों में दर्शन कर आशीर्वाद लिया और बाद में पंसेरी गांव की चौहटा पर ग्रामीणों के साथ बैठक कर क्षेत्रीय समस्याओं और विकास कार्यों पर विस्तार से चर्चा की। ग्रामीणों की मांगों को गंभीरता से लेते हुए मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन को कई महत्वपूर्ण विकास कार्यों की कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए।
उन्होंने जिला कलक्टर को Sundha Mata Temple से मालवाड़ा तक तथा पंसेरी गांव से नीलकंठ महादेव तक सड़क उन्नयन की योजना बनाने को कहा। इसके साथ ही पंसेरी गांव में खेल स्टेडियम के लिए भूमि चिन्हीकरण, क्षेत्र की जल आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए एनीकट निर्माण की व्यवहार्यता रिपोर्ट तैयार करने, मालवाड़ा में सब्जी मंडी निर्माण की कार्ययोजना बनाने और बिजली व्यवस्था को मजबूत करने के लिए नए ट्रांसफार्मर लगाने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने पंसेरी गांव में पशु चिकित्सालय के लिए भूमि आवंटन की प्रक्रिया को भी शीघ्र पूरा करने के निर्देश देते हुए कहा कि राज्य सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार और विकास कार्यों के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने जालोर जिले के लिए बजट में घोषित योजनाओं के तीव्र क्रियान्वयन पर विशेष जोर देते हुए अधिकारियों को समयबद्ध कार्य सुनिश्चित करने को कहा।
दौरे के अंत में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने सुन्धा माता मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना की और प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। इस अवसर पर सरकारी मुख्य सचेतक Jogeshwar Garg, उद्योग एवं वाणिज्य राज्यमंत्री K. K. Vishnoi, विधायक Chhagan Singh Rajpurohit सहित कई जनप्रतिनिधि एवं जिला प्रशासन के अधिकारी उपस्थित रहे।