Jaipur Design Festival 2026: गुलाबी नगरी में पहली बार 3 दिन सजेगा 'डिजाइन' का महाकुंभ, अगले 300 साल के शहर की बनेगी तस्वीर
जयपुर में पहली बार तीन दिवसीय Jaipur Design Festival 2026 होने जा रहा है। यह 16 से 18 नवंबर तक चलेगा। रविवार को जवाहर कला केंद्र में इसका पोस्टर लॉन्च किया गया।
अनन्य सोच । जयपुर के 300 साल पूरे होने के मौके पर शहर अब अपने अगले 300 वर्षों की सोच पर चर्चा करेगा। एसोसिएशन ऑफ डिजाइनर्स ऑफ इंडिया (ADI) के जयपुर चैप्टर की ओर से पहली बार Jaipur Design Festival 2026 आयोजित हो रहा है। रविवार को जवाहर कला केंद्र (JKK) में इसका पोस्टर लॉन्च हुआ।
थीम में छिपा है फेस्टिवल का मकसद
फेस्टिवल की थीम 'Rooted in 300 Years, Design for the Next 300' रखी गई है। फेस्टिवल डायरेक्टर मीनाक्षी सिंह के अनुसार, यह मंच जयपुर को डिजाइन के नजरिए से समझने, संवाद करने और भविष्य की संभावनाएं तलाशने का अवसर देगा। उन्होंने बताया कि मकसद सिर्फ डिजाइन का उत्सव नहीं है। देखा यह जाएगा कि डिजाइन हमारे सीखने, रहने, आने-जाने, काम करने, विरासत बचाने और शहर के अनुभव को कैसे प्रभावित करता है।
तीन दिन में क्या-क्या होगा
क्यूरेटर और क्रिएटिव डायरेक्टर आयुष कासलीवाल ने बताया कि तीन दिनों में ये आयोजन होंगे:
Design Forum और पैनल संवाद
वर्कशॉप और प्रदर्शनी
स्टूडेंट एंगेजमेंट प्रोग्राम और मेंटरशिप
सांस्कृतिक कार्यक्रम
एक मंच पर आएंगे कई वर्ग
फेस्टिवल में डिजाइनर, आर्किटेक्ट, शिक्षाविद, उद्योग जगत, विद्यार्थी, सरकार और आम नागरिक एक साझा मंच पर जुटेंगे।
छह फोरम में होगी शहर के भविष्य पर चर्चा
छह प्रमुख थीमेटिक फोरम में जयपुर की विरासत और शिल्प से लेकर Mobility, Sustainability, Public Space, शिक्षा, Innovation और Circular Economy जैसे विषयों पर विचार होगा। इनमें शहर के भविष्य से जुड़े अवसरों और चुनौतियों पर बात होगी।
पोस्टर लॉन्च पर ये रहे मौजूद
फेस्टिवल की एडवाइजरी कमेटी के सदस्य, प्रसिद्ध फोटोग्राफर सुधीर कासलीवाल और ब्लू पॉटरी के लिए पहचानी जाने वाली कलाकार लीला बोर्डिया भी कार्यक्रम में मौजूद रहीं।