Harmanpreet Kaur Wax Statue: जयपुर में अनावरण, नाहरगढ़ के Historica में लगेगा

Harmanpreet Kaur के Wax Statue का RIC में अनावरण हुआ। वे ऐसी पहली महिला क्रिकेटर हैं। प्रतिमा नाहरगढ़ के Historica Museum में स्थायी रूप से लगेगी।

Nov 13, 2026 - 20:33
Nov 13, 2026 - 20:34
 0
Harmanpreet Kaur Wax Statue: जयपुर में अनावरण, नाहरगढ़ के Historica में लगेगा
हरमनप्रीत कौर ने RIC में अपने वैक्स स्टैच्यू का अनावरण किया। यह प्रतिमा नाहरगढ़ के Historica में लगेगी।

अनन्य सोच । भारतीय महिला क्रिकेट की स्टार खिलाड़ी हरमनप्रीत कौर के Wax Statue का 13 नवंबर को राजस्थान इंटरनेशनल सेंटर (RIC) में अनावरण हुआ। हरमनप्रीत ने खुद अपने हाथों से पर्दा हटाया। विज्ञप्ति के अनुसार वे दुनिया की पहली महिला क्रिकेटर हैं, जिनका वैक्स स्टैच्यू बनाया गया है। यह प्रतिमा अब नाहरगढ़ फोर्ट स्थित Historica – Step Into History (पूर्व में जयपुर वैक्स म्यूजियम) में स्थायी रूप से लगाई जाएगी।

बच्चों ने दिया Guard of Honour

कार्यक्रम में जयपुर के नन्हे और युवा क्रिकेटरों ने बल्ला उठाकर हरमनप्रीत को गार्ड ऑफ ऑनर दिया, जिसे देखकर वे भावुक हो गईं। उन्होंने बच्चों से बातचीत की, फोटो खिंचवाई और मेहनत व सपनों पर भरोसा रखने का संदेश दिया। कार्यक्रम में उनके जीवन पर एक फिल्म भी दिखाई गई। इसमें मोगा के छोटे शहर से लेकर कप्तानी तक का संघर्ष और 2025 में भारत को पहला महिला वनडे विश्व कप जिताने की कहानी दिखाई गई।

Historica में अब धोनी और हरमनप्रीत साथ

Historica के फाउंडर अनूप श्रीवास्तव ने बताया कि स्टैच्यू बनाने के लिए टीम ने पहले हरमनप्रीत का विस्तृत माप, फोटो और वीडियो लिए थे। उन्होंने कहा कि उद्देश्य युवाओं, खासकर लड़कियों को खेल के लिए प्रेरित करना है। म्यूजियम में सचिन तेंदुलकर, महेंद्र सिंह धोनी और विराट कोहली के स्टैच्यू पहले से हैं। अब दो विश्व कप विजेता कप्तान, धोनी और हरमनप्रीत, एक साथ नजर आएंगे। कल्पना चावला, साइना नेहवाल, मदर टेरेसा, राजमाता गायत्री देवी और हाड़ी रानी के स्टैच्यू भी यहां हैं।

सैनिक प्रतिमा का भी अनावरण

कार्यक्रम में Historica की नई पहचान और राजस्थान की वीर परंपरा का प्रतीक एक विशालकाय सैनिक स्टैच्यू भी अनावृत किया गया। यह भी नाहरगढ़ फोर्ट में पर्यटकों के लिए लगाया जाएगा। विज्ञप्ति के अनुसार 300 साल पुराने किले में बना यह दुनिया का पहला Multi-Experiential History Museum है। इसके चार आकर्षण राम प्रकाश टॉकीज, शीशमहल, द रॉयल दरबार और हॉल ऑफ आइकॉन्स हैं। शीशमहल 25 लाख से अधिक कांच के टुकड़ों से बना है और म्यूजियम में 48 से ज्यादा हस्तियों के स्टैच्यू हैं।