जयपुर एयरपोर्ट पर नए State Terminal का भूमि पूजन
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने जयपुर एयरपोर्ट पर नवीन State Terminal भवन का भूमि पूजन किया। 52.35 करोड़ की परियोजना में VIP लाउंज, कैफे और हैंगर बनेंगे।
अनन्य सोच । मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने गुरुवार को जयपुर एयरपोर्ट पर नवीन State Terminal भवन का भूमि पूजन किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में राजस्थान में आधारभूत ढांचे को मजबूत करने का काम प्रतिबद्धता से हो रहा है। परियोजना के लिए कुल 52 करोड़ 35 लाख रुपये स्वीकृत हुए हैं। AAI ने इसके लिए राज्य सरकार को 12 हजार 778 वर्गमीटर भूमि आवंटित की है।
पहले चरण में क्या-क्या
पहले चरण में 19 करोड़ 62 लाख रुपये की लागत से टर्मिनल भवन बनेगा। इसमें कार्यालय, दो VIP Lounge, कॉन्फ्रेंस हॉल, मीटिंग हॉल, 10 विश्राम कक्ष, ट्रेनिंग कक्ष, कैफे और सुरक्षा जांच क्षेत्र होंगे। भवन में आधुनिकता के साथ राजस्थान की सांस्कृतिक विरासत की झलक भी दिखेगी। दूसरे चरण में एयरक्राफ्ट और हेलीकॉप्टर के लिए हैंगर और टारमेक बनाया जाएगा।
एयर कनेक्टिविटी पर जोर
मुख्यमंत्री ने बताया कि कोटा, किशनगढ़, बाड़मेर और बीकानेर में हवाई संपर्क विस्तार पर काम चल रहा है। इसी वर्ष जोधपुर एयरपोर्ट के नए टर्मिनल का उद्घाटन हुआ, जिससे क्षमता 12 लाख से बढ़कर 20 लाख यात्री प्रतिवर्ष हो गई। जयपुर और कोटा के टर्मिनल भी विकसित हो रहे हैं। किशनगढ़ और भीलवाड़ा की हमीरगढ़ हवाई पट्टी पर Flying Training Organisation शुरू हो चुके हैं, जबकि झालावाड़, सीकर, झुंझुनूं और श्रीगंगानगर में FTO के लिए भूमि आवंटन हो रहा है। उदयपुर एयरपोर्ट विस्तार के लिए 145 एकड़ भूमि उपलब्ध कराई जा रही है।
रेल और Expressway का विकास
मुख्यमंत्री के अनुसार इस वर्ष रेलवे के लिए 10 हजार 228 करोड़ रुपये का बजट आवंटित हुआ है। 76 हजार 800 करोड़ रुपये से अधिक के रेलवे कार्य प्रगति पर हैं और अमृत स्टेशन योजना में 85 स्टेशनों का पुनर्विकास हो रहा है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में 1,192 किलोमीटर Expressway बने हैं, जो किसी भी अन्य राज्य से अधिक हैं, और 9 नए ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस-वे बन रहे हैं। समारोह में उपमुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा, मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास सहित जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।