जयपुर की हवा 'खराब', मानसरोवर सबसे जहरीला
Jaipur AQI गुरुवार को 214 रहा। मानसरोवर 287 के साथ सबसे प्रदूषित, जबकि भिवाड़ी में AQI 339 के साथ हवा 'बेहद खराब' रही।
अनन्य सोच । राजधानी की हवा गुरुवार को भी लोगों की सांसों पर भारी रही। राजस्थान राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के शाम 4 बजे के आंकड़ों के मुताबिक जयपुर शहर का औसत Air Quality Index (AQI) 214 दर्ज हुआ, जो 'खराब' (Poor) श्रेणी में आता है। ऐसी हवा लंबे समय तक सांस लेने पर बुजुर्गों, बच्चों और अस्थमा के मरीजों के लिए परेशानी बढ़ा सकती है।
मानसरोवर में सबसे बुरा हाल
शहर के निगरानी केंद्रों में सबसे ज्यादा प्रदूषण मानसरोवर में रहा, जहां AQI 287 तक पहुंच गया। पुलिस कमिश्नरेट क्षेत्र में AQI 222 और रीको क्षेत्र में 218 रहा। इन तीनों स्थानों पर हवा 'खराब' श्रेणी में दर्ज हुई। वहीं मुरलीपुरा में AQI 129 के साथ हवा 'मध्यम' (Moderate) श्रेणी में रही। आदर्श नगर और शास्त्री नगर केंद्रों से पर्याप्त आंकड़े उपलब्ध नहीं हो सके।
भिवाड़ी प्रदेश में सबसे प्रदूषित
पूरे राजस्थान में सबसे ज्यादा प्रदूषण भिवाड़ी में रहा। यहां औसत AQI 339 के साथ हवा 'बेहद खराब' (Very Poor) श्रेणी में पहुंच गई। भिवाड़ी के रीको औद्योगिक क्षेत्र में AQI 357 और वसुंधरा कॉलोनी में 321 दर्ज किया गया।
अन्य शहरों का हाल
प्रदेश के कई अन्य शहरों में भी हवा 'खराब' श्रेणी में रही। झुंझुनूं में AQI 260, खैरथल में 259, अलवर में 239, चूरू में 233, सवाई माधोपुर में 229, कोटा में 220 और नागौर में 215 रहा। बीकानेर और हनुमानगढ़ में AQI 206, जबकि टोंक में 204 दर्ज किया गया।
क्या रखें सावधानी
विशेषज्ञ सलाह देते हैं कि खराब AQI वाले दिनों में सुबह-शाम खुले में लंबी सैर या कसरत से बचें। बाहर निकलते समय मास्क पहनें और सांस के मरीज अपनी दवाएं साथ रखें। यदि सांस लेने में तकलीफ, खांसी या आंखों में जलन बढ़े तो डॉक्टर से सलाह लें। ताजा आंकड़ों के लिए प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट देखी जा सकती है।