कुम्भलगढ़ उत्सव 2026: पहली बार दिखेगा बीकानेरी रौबीलों का शाही अंदाज, 1 से 3 दिसंबर तक सजेगी महफिल
Rajsamand के Kumbhalgarh Festival 2026 में 1 से 3 दिसंबर तक Kathak, Taal Vadya और Manganiyar संगीत की प्रस्तुतियां होंगी। पहली बार Bikaner Beard Group भी शामिल होगा।
अनन्य सोच । अरावली की पहाड़ियों के बीच स्थित ऐतिहासिक कुम्भलगढ़ दुर्ग एक बार फिर राजस्थान की कला, संस्कृति और लोक परंपराओं का साक्षी बनेगा। राजस्थान पर्यटन विभाग और जिला प्रशासन, राजसमंद के तत्वावधान में 1 से 3 दिसंबर तक तीन दिवसीय Kumbhalgarh Festival 2026 आयोजित होगा। इस बार उत्सव का विशेष आकर्षण बीकानेर का प्रसिद्ध Bikaner Beard Group होगा, जिसे ‘बीकानेरी रौबीले’ भी कहा जाता है।
संयुक्त निदेशक पर्यटन, उदयपुर सुमिता सरोच ने बताया कि यह उत्सव राजस्थान की ऐतिहासिक विरासत और जीवंत लोक संस्कृति को देश-दुनिया के पर्यटकों तक पहुंचाने का अहम माध्यम है। उनके अनुसार प्रयास है कि पर्यटक किले की भव्यता के साथ राजस्थान की सांस्कृतिक विविधता और लोक जीवन का भी अनुभव करें।
पहली बार कुम्भलगढ़ में बीकानेरी रौबीले
श्याम सुंदर जोशी के नेतृत्व में यह समूह पिछले 7-8 वर्षों से राजस्थान की लोक संस्कृति और पारंपरिक पहनावे को पहचान दिला रहा है। कलाकारों की 5 से 7 फीट लंबी मूंछें और 8 से 30 किलोग्राम वजन की पारंपरिक पगड़ियां पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र रहेंगी। ये कलाकार मूंछों के सहारे तलवार थामने जैसे करतब भी दिखाते हैं।
कथक से मांगणियार तक, तीनों शाम खास
प्रतिदिन शाम 7 बजे सांस्कृतिक संध्याएं होंगी:
• 1 दिसंबर: संगीता सिंघल और दल की Kathak प्रस्तुति
• 2 दिसंबर: मुजफ्फर रहमान की 'ताल वाद्य कचहरी'
• 3 दिसंबर: डॉ. समंदर मांगणियार और दल का Manganiyar Folk Music
दिन में लोक कला और प्रतियोगिताएं
प्रतिदिन सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक राजस्थानी लोक नृत्य, लोक संगीत और पारंपरिक कलाओं की प्रस्तुतियां होंगी। पर्यटकों के लिए पगड़ी बांधने और मेहंदी लगाने की प्रतियोगिताएं भी रखी गई हैं।
इतिहास और संस्कृति का संगम
15वीं शताब्दी में महाराणा कुम्भा द्वारा निर्मित कुम्भलगढ़ दुर्ग मेवाड़ की गौरवशाली विरासत का प्रतीक है। आयोजन का उद्देश्य स्थानीय कलाकारों को प्रोत्साहन देना और कुम्भलगढ़ को Cultural Tourism के प्रमुख केंद्र के रूप में स्थापित करना है।