आफत की बारिश! 12 इंच पानी बरसा, कालीसिंध डैम के 13 गेट खोलने पड़े, स्कूल में फंसे 40 बच्चे

राजस्थान में मानसून ने मंगलवार को ऐसा रौद्र रूप दिखाया कि झालावाड़ जिला जलमग्न हो गया। महज 24 घंटे में गिरे 12 इंच पानी ने प्रशासन के हाथ-पांव फुला दिए, और नतीजा यह हुआ कि कालीसिंध डैम के 13 गेट खोलकर पानी छोड़ना पड़ा। एक सरकारी स्कूल में तो पानी इस कदर भरा कि 40 बच्चे और शिक्षक अंदर ही फंस गए। आगे क्या हुआ, जानने के लिए पूरी खबर पढ़ें।

Aug 11, 2026 - 10:49
Aug 11, 2026 - 10:58
 0
आफत की बारिश! 12 इंच पानी बरसा, कालीसिंध डैम के 13 गेट खोलने पड़े, स्कूल में फंसे 40 बच्चे

इस सीजन का सबसे स्ट्रॉन्ग मानसून सिस्टम एक्टिव

अनन्य सोच। इस सीजन में पहली बार मानसून (Monsoon) का सबसे मजबूत सिस्टम सक्रिय हुआ है, जिसने पूर्वी राजस्थान को बीते 24 घंटे में पूरी तरह पानी-पानी कर दिया। झालावाड़ (Jhalawar), कोटा (Kota), बूंदी, बारां और सवाई माधोपुर में मूसलाधार बारिश दर्ज की गई। झालावाड़ के सुनेल कस्बे में रिकॉर्ड 300 मिमी यानी 12 इंच पानी बरसा, जबकि बकानी में 227 मिमी, पिड़ावा में 262 मिमी और रायपुर में 220 मिमी बारिश हुई। अचानक हुई इस तेज बारिश ने पूरे इलाके में बाढ़ जैसे हालात पैदा कर दिए। फिलहाल प्रदेश में औसत बारिश 234.02 मिमी दर्ज हुई है, जो सामान्य 267.34 मिमी से करीब 12.46% कम है।

कालीसिंध डैम के 13 गेट खुले, स्कूलों में छुट्टी घोषित

बढ़ते जलस्तर को देखते हुए कालीसिंध डैम (Kalisindh Dam) के 13 गेट 4-4 मीटर तक खोलकर 1,96,329 क्यूसेक पानी छोड़ा गया। इसके अलावा छापी डैम के 12 और राजगढ़ डैम के 6 गेट भी खोले गए। हालात की गंभीरता भांपते हुए झालावाड़ कलेक्टर ने मंगलवार को जिले भर के स्कूलों में छुट्टी घोषित कर दी। भारी बारिश के चलते भोपाल-इंदौर हाईवे करीब कुछ घंटे तक बंद रहा। इसी बीच एक सरकारी स्कूल में पानी भरने से बच्चे और शिक्षक अंदर फंस गए, जिन्हें प्रशासन ने रेस्क्यू टीम भेजकर सुरक्षित बाहर निकाला।

अगले 3 दिन भारी बारिश का अलर्ट, इन जिलों में असर

मौसम विभाग ने 11, 12 और 13 अगस्त को जयपुर, भरतपुर, अजमेर, कोटा, उदयपुर, जोधपुर और बीकानेर संभाग में भारी बारिश का अलर्ट (Heavy Rain Alert) जारी किया है। कोटा, उदयपुर और अजमेर संभाग में कहीं-कहीं अति भारी बारिश की भी संभावना जताई गई है। हालांकि 14 अगस्त से पश्चिमी राजस्थान और 15 अगस्त से पूर्वी राजस्थान में मानसून की रफ्तार कमजोर पड़ने के आसार हैं।