सिंधिया ने जारी किया पूर्वोत्तर की पाक परंपराओं पर डॉक्यूमेंट्री 'द एनचैंटिंग 8' का ट्रेलर
केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने 'द एनचैंटिंग 8' डॉक्यूमेंट्री का ट्रेलर जारी किया, जो पूर्वोत्तर भारत के आठ राज्यों की पाक परंपराओं और संस्कृति को दिखाती है।
अनन्य सोच। केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य एम. सिंधिया ने नई दिल्ली में वृत्तचित्र श्रृंखला 'द एनचैंटिंग 8: ए कलिनरी जर्नी थ्रू द नॉर्थईस्ट' का ट्रेलर जारी किया। यह श्रृंखला पूर्वोत्तर भारत के आठ राज्यों की पाक परंपराओं, समुदायों और सांस्कृतिक विरासत को दिखाती है।
दिल्ली में हुआ ट्रेलर लॉन्च, मंत्री मजूमदार भी रहे मौजूद
पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्रालय (एमडीओएनईआर) की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने वृत्तचित्र श्रृंखला का ट्रेलर लॉन्च किया। इस अवसर पर एमडीओएनईआर राज्य मंत्री डॉ. सुकांता मजूमदार सहित मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी और निर्माता दल के सदस्य मौजूद रहे।
भोजन के जरिए पूर्वोत्तर के आठ राज्यों की यात्रा
यह श्रृंखला एमडीओएनईआर और पूर्वोत्तर परिषद (एनईसी) के सहयोग से तैयार की गई है, जिसका क्रियान्वयन पूर्वोत्तर क्षेत्र सामुदायिक संसाधन प्रबंधन समिति (एनईआरसीआरएमएस) के जरिए हुआ। इसका निर्माण अर्बन मीडिया प्रोडक्शंस ने फिलांडरिंग फोर्कर मीडिया के सहयोग से किया है। श्रृंखला दर्शकों को पूर्वोत्तर के आठ राज्यों के व्यंजनों, स्थानीय समुदायों और लोगों की कहानियों से रूबरू कराती है।
स्थानीय सामग्री से लेकर रसोई तक की कहानी
निर्माण के दौरान स्थानीय समुदायों और खाद्य उत्पादकों से सीधी बातचीत की गई, जिसमें सामग्री के उद्गम स्थल से लेकर रसोई और भोजन की मेज तक के सफर को दिखाया गया है। श्रृंखला में स्थानीय आवाजें ही कहानी को आगे बढ़ाती हैं, जिससे स्वदेशी ज्ञान और पारंपरिक खान-पान की प्रथाएं सामने आती हैं।
भोजन के साथ कला-संस्कृति की भी झलक
भोजन इस श्रृंखला का केंद्र बिंदु है, लेकिन यह यात्रा दर्शकों को पूर्वोत्तर की कला, संस्कृति और प्राकृतिक दृश्यों से भी परिचित कराती है। इस तरह 'द एनचैंटिंग 8' पूर्वोत्तर भारत की सांस्कृतिक विविधता को रसोई और खान-पान की परंपराओं के जरिए व्यापक दर्शकों तक पहुंचाने का प्रयास है।