'मिर्जापुर द मूवी' का धमाकेदार ट्रेलर आउट: मुन्ना भैया की जबरदस्त वापसी, गद्दी के लिए एक बार फिर छिड़ेगी खूनी जंग

कालीन भैया बने 'द किंग', मुन्ना भैया 'द प्रिंस' तो गुड्डू-बबलू बने 'द लायंस'; विक्रांत मैसी की जगह अब जितेंद्र कुमार निभाएंगे बबलू पंडित का किरदार, 4 सितंबर को सिनेमाघरों में देगी दस्तक

Aug 13, 2026 - 08:01
Aug 13, 2026 - 08:20
 0
'मिर्जापुर द मूवी' का धमाकेदार ट्रेलर आउट: मुन्ना भैया की जबरदस्त वापसी, गद्दी के लिए एक बार फिर छिड़ेगी खूनी जंग

अनन्य सोच। फैंस के लिए बड़ी खबर है! रितेश सिधवानी और फरहान अख्तर की प्रोडक्शन कंपनी की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'मिर्जापुर द मूवी' का ट्रेलर आखिरकार रिलीज हो गया है, और इसने रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर तहलका मचा दिया है। ट्रेलर में सबसे बड़ा सरप्राइज है मुन्ना भैया यानी दिव्येंदु शर्मा की धमाकेदार वापसी, जिसे देखकर फैंस का उत्साह चरम पर पहुंच गया है।

ट्रेलर की शुरुआत बेहद दमदार अंदाज में एक खाली गद्दी और एक ऐसे वॉयसओवर से होती है, जो रोंगटे खड़े कर देता है। ट्रेलर में साफ संदेश दिया गया है कि गद्दी न तो विरासत से मिलती है, न सियासत से, बल्कि यह सिर्फ बाहुबल के दम पर हासिल होती है। यही लाइन पूरी फिल्म का मिजाज तय कर देती है।

फिल्म में मिर्जापुर की सत्ता, बदले और खून-खराबे की कहानी को एक नए और बड़े कैनवास पर दिखाया गया है। कालीन भैया यानी पंकज त्रिपाठी अपने उसी पुराने रौबदार अंदाज में नजर आ रहे हैं, जिसने उन्हें दर्शकों का चहेता बनाया था। इस बार मेकर्स ने किरदारों को बेहद दिलचस्प टाइटल्स के साथ पेश किया है। कालीन भैया को 'द किंग', मुन्ना भैया को 'द प्रिंस' और गुड्डू-बबलू यानी अली फजल और जितेंद्र कुमार को 'द लायंस' कहा गया है। वहीं बीना भाभी यानी रसिका दुगल भी इस पावर गेम में अपनी शातिर राजनीतिक चालें चलती नजर आ रही हैं, जो कहानी में एक नया ट्विस्ट लाने का संकेत देती हैं।

फैंस के लिए एक और बड़ी खबर यह है कि वेब सीरीज में बबलू पंडित का किरदार निभाने वाले विक्रांत मैसी की जगह अब यह जिम्मेदारी एक्टर जितेंद्र कुमार ने संभाली है, जिसे लेकर फैंस के बीच मिली-जुली प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं।

फिल्म की स्टारकास्ट भी बेहद दमदार है। इसमें रवि किशन, अभिषेक बनर्जी, रसिका दुगल, मोहित मलिक, शीबा चड्डा, राजेश तैलंग, प्रमोद पाठक, श्रिया पिलगांवकर, हर्षिता शेखर गौड़, श्वेता त्रिपाठी, सोनल एस. चौहान, अनंग्शा बिस्वास, शाजी चौधरी, सत्येंद्र सोनी, कुलभूषण खरबंदा और सुशांत सिंह जैसे दिग्गज कलाकार नजर आएंगे।

अब सबकी निगाहें 4 सितंबर पर टिकी हैं, जब यह फिल्म बड़े पर्दे पर मिर्जापुर की खूनी दास्तान को एक नए अंदाज में पेश करेगी।