3 अक्टूबर को जयपुर में सजेगा राजस्थान फिल्म कार्निवाल, क्षेत्रीय सिनेमा के कलाकारों को मिलेगा सम्मान
राजस्थान की भाषा, संस्कृति और क्षेत्रीय सिनेमा को नई पहचान देने के उद्देश्य से राजस्थान फिल्म कार्निवाल 2026 का आयोजन 3 अक्टूबर को राजस्थान इंटरनेशनल सेंटर (आरआईसी), जयपुर में होगा। आयोजन में प्रदेशभर के कलाकारों, निर्देशकों, निर्माताओं और तकनीशियनों को सम्मानित किया जाएगा।
अनन्य सोच। राजस्थान फिल्म कार्निवाल 2026 का आयोजन 3 अक्टूबर को राजस्थान इंटरनेशनल सेंटर (आरआईसी), जयपुर में होगा। इसकी घोषणा प्रदेश अध्यक्ष उजागर सिंह डाबला ने की। यह आयोजन स्टार फिल्म्स इन्फोटेनमेंट द्वारा कला एवं संस्कृति विभाग, राजस्थान सरकार के सहयोग से आयोजित किया जाएगा।
कार्निवाल के संस्थापक गोविंद सिंह राजपूत ने बताया कि आयोजन का मुख्य उद्देश्य राजस्थानी भाषा, संस्कृति और क्षेत्रीय सिनेमा को प्रोत्साहन देना है। इसके साथ ही फिल्म उद्योग से जुड़े कलाकारों, निर्देशकों, निर्माताओं, तकनीशियनों, लेखकों और अन्य वरिष्ठ हस्तियों के योगदान का सम्मान किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि कार्निवाल में प्राप्त फिल्मों का मूल्यांकन विशेषज्ञ निर्णायक मंडल द्वारा किया जाएगा। चयनित फिल्मों और कलाकारों को 25 विभिन्न श्रेणियों में राजस्थान फिल्म कार्निवाल अवॉर्ड 2026 से सम्मानित किया जाएगा।
कार्यक्रम निदेशक नीरज खंडेलवाल ने कहा कि इस आयोजन से राजस्थान में क्षेत्रीय फिल्म निर्माण को बढ़ावा मिलेगा। साथ ही स्थानीय कलाकारों और तकनीशियनों को अपनी प्रतिभा दिखाने का बड़ा मंच मिलेगा। इससे रोजगार, पर्यटन, कला और संस्कृति को भी नई गति मिलेगी।
फिल्म पुरस्कार समारोह के साथ राजस्थानी लोक संस्कृति पर आधारित रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी आयोजित होंगी। आयोजकों का मानना है कि यह आयोजन राजस्थान के फिल्म उद्योग को नई पहचान देने के साथ प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को राष्ट्रीय स्तर पर पहुंचाने का माध्यम बनेगा