क्षेत्रीय सिनेमा का सबसे बड़ा जश्न, 26 सितंबर को शरमन जोशी-ईशा कोप्पिकर संभालेंगे Rajasthan Film Festival की कमान

देशभर की क्षेत्रीय भाषाओं के सिनेमा को सम्मान देने वाला Rajasthan Film Festival इस बार अपने 14वें संस्करण के साथ जयपुर में एक बड़ा जश्न मनाने जा रहा है। बॉलीवुड सितारों की मेजबानी और दिग्गज कलाकारों की मौजूदगी इस आयोजन को और खास बना रही है।

Sep 6, 2026 - 20:35
Sep 6, 2026 - 21:04
 0
क्षेत्रीय सिनेमा का सबसे बड़ा जश्न, 26 सितंबर को शरमन जोशी-ईशा कोप्पिकर संभालेंगे Rajasthan Film Festival की कमान

राजस्थानी सिनेमा से शुरुआत, अब बना नेशनल प्लेटफॉर्म

अनन्य सोच। गुलाबीनगरी जयपुर एक बार फिर सिनेमा की रंगीन दुनिया का गवाह बनने जा रही है। साल 2013 में शुरू हुआ Rajasthan Film Festival (RFF) इस बार 26 सितंबर 2026 को मानसरोवर स्थित दीप स्मृति सभागार में अपने 14वें संस्करण के साथ आयोजित होगा। इस भव्य समारोह की होस्टिंग की जिम्मेदारी बॉलीवुड के जाने-पहचाने चेहरे शरमन जोशी और ईशा कोप्पिकर संभालेंगे, जिसे लेकर सिनेमा प्रेमियों में खासा उत्साह देखा जा रहा है। फेस्टिवल की संस्थापक संजना शर्मा ने शुरुआत में राजस्थानी सिनेमा के कलाकारों और तकनीशियनों को एक मंच देने के उद्देश्य से इसकी नींव रखी थी, ताकि उनकी प्रतिभा को वह पहचान मिल सके, जिसकी वे हकदार हैं। धीरे-धीरे यह सोच राज्य की सीमाओं से आगे बढ़ी और साल 2019 से यह आयोजन देशभर के क्षेत्रीय सिनेमा को समर्पित एक साझा राष्ट्रीय मंच बन गया, जो 'नई सोच, नई दिशा' के विजन के साथ भारतीय भाषाओं, संस्कृतियों और लोक परंपराओं को संरक्षित करने की दिशा में काम कर रहा है।

करोड़ों दर्शकों तक पहुंच, दिग्गजों की लगी रहती है फेहरिस्त

एक दशक से भी लंबे इस सफर में RFF अब तक एक लाख से ज्यादा दर्शकों से सीधे जुड़ चुका है, वहीं सोशल मीडिया के जरिए इसकी पहुंच लगभग 30 करोड़ लोगों तक बताई जा रही है। इस मंच पर जावेद अख्तर, जितेंद्र, गोविंदा और सुभाष घई जैसे दिग्गज बतौर मेहमान शिरकत कर चुके हैं, जबकि शक्ति कपूर, गुलशन ग्रोवर और पंडित विश्व मोहन भट्ट जैसे कलाकारों को लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड से नवाजा जा चुका है। समारोह से एक दिन पहले होने वाला संवाद सत्र भी इस आयोजन की खास पहचान है, जहां देशभर के फिल्मकार क्षेत्रीय सिनेमा की चुनौतियों और संभावनाओं पर गहन चर्चा करते हैं।