Swine Flu का खतरा फिर मंडराया! स्वास्थ्य विभाग ने जारी की चेतावनी, जानें क्या करें और किन गलतियों से बचें
मौसम बदलते ही Swine Flu और अन्य सांस से जुड़े संक्रमणों का खतरा बढ़ने लगा है। ऐसे में राज्य के स्वास्थ्य विभाग ने आमजन के लिए जरूरी Health Advisory जारी की है। जानिए बचाव के लिए क्या करना जरूरी है और किन बातों की अनदेखी पड़ सकती है भारी।
अनन्य सोच। Swine Flu यानी इन्फ्लूएंजा एक सांस से जुड़ा संक्रमण है, जो मौसम बदलने के साथ तेजी से फैलने लगता है। इसके सामान्य लक्षणों में बुखार, खांसी, गले में खराश, नाक बहना या बंद होना, सिरदर्द, शरीर में दर्द और थकान शामिल हैं। हालांकि राहत की बात यह है कि ज्यादातर मरीज सही देखभाल और डॉक्टर की सलाह से पूरी तरह ठीक हो जाते हैं। लेकिन छोटे बच्चों, बुजुर्गों, गर्भवती महिलाओं और गंभीर बीमारियों से जूझ रहे लोगों के लिए यह संक्रमण मुश्किलें बढ़ा सकता है।
इसी को देखते हुए प्रमुख शासन सचिव, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य, गायत्री राठौड़ ने आमजन से मौसमी फ्लू और अन्य Respiratory Infections से बचाव को लेकर सतर्कता बरतने की अपील की है। उन्होंने साफ कहा कि बुखार, खांसी या गले में खराश जैसे लक्षण दिखने पर घबराने की बिल्कुल जरूरत नहीं है, बल्कि समय रहते सही कदम उठाना जरूरी है।
क्या करें, जिससे बच सकते हैं संक्रमण से—
खांसते या छींकते समय मुंह-नाक को रूमाल, टिश्यू या कोहनी से ढकना बेहद जरूरी है। इसके साथ ही हाथों को साबुन-पानी से बार-बार धोना और जरूरत पड़ने पर Hand Sanitizer का इस्तेमाल करना संक्रमण को फैलने से रोक सकता है। लक्षण दिखने पर भीड़भाड़ वाली जगहों से दूरी बनाना और जरूरत पड़ने पर Mask पहनना भी बेहद अहम सुझाव है। इसके अलावा पर्याप्त आराम करना, ज्यादा पानी व तरल पदार्थ लेना और लक्षण गंभीर होने पर तुरंत डॉक्टर से संपर्क करना जरूरी बताया गया है।
इन गलतियों से बचना भी उतना ही जरूरी—
विभाग ने साफ चेताया है कि लक्षण दिखने पर अफवाहों पर ध्यान न दें और डॉक्टर की सलाह के बिना एंटीबायोटिक या Antiviral Medicine लेने से पूरी तरह बचें। खुद से दवा की खुराक तय करना भी खतरनाक हो सकता है। साथ ही बीमार होने की स्थिति में स्कूल, दफ्तर या किसी भी भीड़भाड़ वाली जगह पर जाने से बचना चाहिए।
राठौड़ ने यह भी स्पष्ट किया कि सांस लेने में तकलीफ, लगातार तेज बुखार, अत्यधिक कमजोरी या ऑक्सीजन स्तर में गिरावट जैसे गंभीर लक्षण दिखते ही तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करना चाहिए, क्योंकि लापरवाही स्थिति को और गंभीर बना सकती है।
विभाग की यह एडवाइजरी बताती है कि थोड़ी सी सतर्कता और सही आदतें अपनाकर इस मौसम में फैलने वाले संक्रमणों से खुद को और अपने परिवार को सुरक्षित रखा जा सकता है।