बिड़ला ऑडिटोरियम में 2 मार्च को होगा काव्य कुंभ, कई काव्य रसों का होगा महासंगम

पद्मश्री सुरेन्द्र शर्मा, शंभू शिखर, कवयित्री गौरी मिश्रा, केसरदेव मारवाड़ी, अमित शर्मा और राजेश अग्रवाल शहर को गुदगुदाएंगे

बिड़ला ऑडिटोरियम में 2 मार्च को होगा काव्य कुंभ, कई काव्य रसों का होगा महासंगम

Ananya soch

अनन्य सोच। काव्यम् के सीजन-3 काव्य कुंभ में हास्य-व्यंग्य, शृंगार और वीर रस की रचनाओं का महासंगम होगा, जहां दानिशमंद श्रोता डुबकी लगाएंगे. साहित्य, कला-संस्कृति की काव्यम् संस्था के प्रणेता राजेश शर्मा ने बताया कि कवि सम्मेलन का मकसद रोजमर्रा की जिन्दगी में खुशनुमा रंग भरना है ताकि लोग कुछ लम्हें खुशियों के समुंदर में आकंठ डूब जाएं। यह राष्ट्रीय कवि सम्मेलन आगामी 2 मार्च को शाम 6:15 बजे यहां स्टेच्यू सर्किल स्थित बिड़ला ऑडिटोरियम में होगा.

साढ़े तीन घंटे तक चलने वाले कवि सम्मेलन में देश के नामी कवि-कवयित्री अपनी रचनाओं से जयपुर को गुदगुदाएंगे. राष्ट्रीय कवि सम्मेलन में दिल्ली के हास्य के मशहूर कवि पद्मश्री सुरेन्द्र शर्मा, बिहार के हास्य कवि शंभू शिखर, नैनीताल की शृंगार रस की कवयित्री गौरी मिश्रा, राजस्थान के हास्य कवि केसरदेव मारवाड़ी, ग्रेटर नोएडा के वीर रस के कवि अमित शर्मा और दिल्ली के हास्य-व्यंग्य के कवि राजेश अग्रवाल अपनी रचनाओं से जयपुर की आबोहवा में काव्य-रस घोलेंगे.