हजारों कर्मचारियों की बल्ले-बल्ले! प्रमोशन में 2 साल की छूट, ग्रेच्युटी 25 लाख — CM भजनलाल का बड़ा तोहफा

सचिवालय में काम करने वाले लाखों कर्मचारियों के लिए यह खबर किसी खुशखबरी से कम नहीं। प्रमोशन के नियमों में बड़ी राहत से लेकर पेंशन और ग्रेच्युटी तक, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने एक साथ कई बड़े फैसलों का ऐलान किया है। जानिए किन-किन कर्मचारियों को मिलेगा सीधा फायदा।

Jul 12, 2026 - 22:24
Jul 12, 2026 - 22:26
 0
हजारों कर्मचारियों की बल्ले-बल्ले! प्रमोशन में 2 साल की छूट, ग्रेच्युटी 25 लाख — CM भजनलाल का बड़ा तोहफा

अनन्य सोच। राजस्थान सचिवालय सेवा अधिकारी एवं सचिवालय कर्मचारी संघ ने रविवार को मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का अभिनंदन किया। मौका था प्रमोशन के लिए एक्सपीरियंस में 2 साल की छूट और नए पदों के सृजन को लेकर आभार जताने का। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि गुड गवर्नेंस के लिए सक्षम, प्रेरित और संतुष्ट कर्मचारी व्यवस्था सबसे ज़रूरी आधार है। उन्होंने कहा कि सचिवालय प्रदेश की 8 करोड़ जनता की उम्मीदों का केंद्र है और हर फैसला जनविश्वास मजबूत करने वाला होना चाहिए।

प्रमोशन में बड़ी राहत, हजारों को मिलेगा फायदा

मुख्यमंत्री ने बताया कि वर्ष 2024-25, 2025-26 और 2026-27 के लिए प्रमोशन में निर्धारित अनुभव में 2 साल की छूट दी गई है। जिन कर्मचारियों ने पिछले तीन साल में इसका लाभ नहीं लिया, उन्हें अब यह फायदा मिलेगा। इसके लिए सर्विस रूल्स में जरूरी बदलाव किए जाएंगे।

ग्रेच्युटी, पेंशन और महिला कर्मचारियों के लिए बड़े ऐलान

सेंट्रल गवर्नमेंट की तर्ज पर ग्रेच्युटी लिमिट 20 लाख से बढ़ाकर 25 लाख रुपये कर दी गई है। रिटायर्ड कर्मचारियों को नोशनल वेतन वृद्धि के अनुसार पेंशन, 70 साल की उम्र पर 5% अतिरिक्त पेंशन भत्ता और मृत्यु पर 10 साल तक बढ़ी फैमिली पेंशन का प्रावधान किया गया है। महिला सशक्तिकरण की दिशा में अनुकंपा नियुक्ति में पुत्रवधू को शामिल करने और चाइल्ड केयर लीव को 3 से बढ़ाकर 6 चरणों में स्वीकृत करने का फैसला भी लिया गया।

149 नए पदों का सृजन

प्रशासनिक व्यवस्था मजबूत करने के लिए सहायक शासन सचिव, सहायक अनुभाग अधिकारी और लिपिक ग्रेड सहित कुल 149 नए पदों को मंजूरी दी गई है, जिससे युवाओं को रोजगार और कर्मचारियों को प्रमोशन के नए अवसर मिलेंगे। कार्यक्रम में सचिवालय सेवा अधिकारी संघ अध्यक्ष अभिमन्यु शर्मा और कर्मचारी संघ अध्यक्ष कजोड़मल मीणा सहित कई अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।