डिप्टी सीएम डॉ. प्रेमचंद बैरवा ने रोडवेज बस से किया सफर, दिया ईंधन बचत और सार्वजनिक परिवहन का संदेश
सरकारी काफिला छोड़ बस से फागी पहुंचे परिवहन मंत्री, यात्रियों से लिया रोडवेज सेवाओं का फीडबैक
अनन्य सोच। डॉ. प्रेमचंद बैरवा ने सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा देने और ईंधन बचत का संदेश देने के लिए अनूठी पहल करते हुए रोडवेज बस से फागी तक यात्रा की। राजस्थान के डिप्टी सीएम एवं परिवहन मंत्री डॉ. बैरवा बुधवार को जयपुर से अपने विधानसभा क्षेत्र दूदू के फागी में आयोजित रात्रि चौपाल के लिए सरकारी काफिले की बजाय राजस्थान रोडवेज बस से रवाना हुए।
शाम करीब 5:30 बजे वे जयपुर के सहकार मार्ग स्थित बस स्टैंड पहुंचे और सामान्य यात्रियों के साथ बस में सवार हुए। इस दौरान उनके निजी स्टाफ और सुरक्षाकर्मी भी बस से ही फागी के लिए रवाना हुए। डिप्टी सीएम की इस पहल ने यात्रियों का ध्यान आकर्षित किया और आमजन के बीच सकारात्मक संदेश दिया।
“सार्वजनिक परिवहन अपनाना समय की जरूरत”
बस यात्रा के दौरान डॉ. बैरवा ने यात्रियों से बातचीत कर रोडवेज बसों की सुविधाओं और गुणवत्ता को लेकर फीडबैक लिया। उन्होंने बस परिचालक से फर्स्ट-एड बॉक्स सहित अन्य जरूरी व्यवस्थाओं की जानकारी भी ली।
उन्होंने कहा कि पेट्रोल और डीजल की बचत करना हर नागरिक की जिम्मेदारी है और आमजन को अधिक से अधिक सार्वजनिक परिवहन का उपयोग करना चाहिए। उन्होंने लोगों से एक वर्ष तक सोना-चांदी की खरीद टालने की अपील भी की।
भविष्य में बस और ट्रेन से करेंगे सफर
डॉ. बैरवा ने बताया कि हाल ही में वे असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा के शपथ ग्रहण समारोह से लौटे हैं और अब भविष्य में जयपुर से बाहर जाने के लिए बस या ट्रेन से यात्रा को प्राथमिकता देंगे। साथ ही शहर में भी सरकारी वाहनों का सीमित उपयोग करेंगे।
उनकी इस पहल को सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा देने, ईंधन संरक्षण और पर्यावरण के प्रति जागरूकता फैलाने की दिशा में एक सकारात्मक कदम माना जा रहा है।