31 वोटों से जीतीं सरोज कंवर! जयपुर को मिली नई उप महापौर, जानें पूरा वोटिंग गणित
महापौर की कुर्सी के बाद अब जयपुर नगर निगम में उप महापौर पद की जंग का भी फैसला हो चुका है। शनिवार को हुए इस रोमांचक मुकाबले में एक प्रत्याशी ने बड़े अंतर से जीत हासिल कर शहर की दूसरी सबसे बड़ी कुर्सी पर अपना कब्जा जमा लिया।
अनन्य सोच । नगर निगम जयपुर (Jaipur Municipal Corporation) के उपाध्यक्ष यानी उप महापौर (Deputy Mayor) पद के लिए शनिवार को हुए चुनाव में भारतीय जनता पार्टी की प्रत्याशी सरोज कंवर विजयी घोषित हुईं। सभासद भवन में रिटर्निंग अधिकारी आशीष कुमार के निर्देशन में पूरी मतदान प्रक्रिया संपन्न कराई गई।
149 सदस्यों ने डाला वोट
रिटर्निंग अधिकारी ने बताया कि नगर निगम के कुल 150 सदस्यों में से 149 सदस्य इस बैठक में मौजूद रहे और मतदान में हिस्सा लिया। मतगणना में कुल 148 वोट वैध पाए गए, जबकि एक वोट नोटा (NOTA) के पक्ष में पड़ा।
31 वोटों से हुई शानदार जीत
चुनाव परिणाम के अनुसार सरोज कंवर को सबसे ज्यादा 89 वोट मिले, जबकि उनके प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस (Congress) प्रत्याशी सलमान मंसूरी को महज 58 वोटों से संतोष करना पड़ा। इस तरह सरोज कंवर ने 31 वोटों के बड़े अंतर से यह चुनाव अपने नाम कर लिया।
नियमानुसार जारी हुआ निर्वाचन प्रमाणपत्र
रिटर्निंग अधिकारी ने बताया कि राजस्थान नगरपालिका नियमों की अनुसूची-6 के तहत निर्धारित प्रावधानों का पालन करते हुए सरोज कंवर को विधिवत रूप से उप महापौर पद पर निर्वाचित घोषित कर दिया गया है और उन्हें आधिकारिक प्रमाणपत्र भी सौंप दिया गया।
महापौर के बाद अब उप महापौर की भी हुई ताजपोशी
गौरतलब है कि इससे पहले जयपुर को अपना नया महापौर भी मिल चुका है। अब उप महापौर पद पर भी फैसला होने के बाद नगर निगम में नेतृत्व की पूरी टीम तैयार हो गई है, जिससे शहर में विकास कार्यों को नई गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।