पाली में विकास की बरसात! डिप्टी CM दिया कुमारी ने खोला सौगातों का पिटारा, पट्टे बांटकर जीता दिल
पाली जिले के मारवाड़ जंक्शन और सोजत में सोमवार का दिन खास रहा। उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी के दौरे से जुड़ी ऐसी बातें सामने आईं, जिन्होंने स्थानीय लोगों की उम्मीदों को नई उड़ान दे दी।
अनन्य सोच । उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी सोमवार को पाली जिले के मारवाड़ जंक्शन दौरे पर पहुंचीं, जहां उन्होंने स्टेट हाईवे 61 पर बने स्काई ओवर ब्रिज (Sky Over Bridge) सहित करोड़ों रुपये के विकास कार्यों का शिलान्यास व लोकार्पण किया। इसके अलावा मारवाड़ जंक्शन स्थित झाझरियां हनुमान मंदिर परिसर में विभिन्न विकास कार्यों की भी शुरुआत हुई। सिरियारी व सवराड़ गांव की नदियों पर बने पुलों तथा रानी-भिवाड़िया सड़क मार्ग के नवीनीकरण कार्य का भी उद्घाटन किया गया।
इस दौरान उपमुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार समयबद्ध योजना बनाकर तेज व आधुनिक तरीके से काम कर रही है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में पिछले ढाई वर्षों में गुणवत्तापूर्ण विकास कार्यों को धरातल पर उतारा गया है, जिससे जनता का भरोसा और मजबूत हुआ है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ आमजन तक पहुंचाने की बात भी दोहराई।
कार्यक्रम में मारवाड़ जंक्शन विधायक केसाराम चौधरी ने क्षेत्र में हुए विकास कार्यों की जानकारी साझा की।
लेकिन दिन का सबसे खास पड़ाव रहा सोजत नगर पालिका, जहां उपमुख्यमंत्री ने शहरी सेवा शिविर का निरीक्षण किया और लाभार्थियों को पट्टे वितरित किए। यहां उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर से सम्मानित किया गया।
इसके बाद उपमुख्यमंत्री ने विभागीय अधिकारियों संग समीक्षा बैठक की, जिसमें राजश्री योजना, लाडो प्रोत्साहन योजना, मुख्यमंत्री नारी उद्यम योजना, सखी वन स्टॉप सेंटर और बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना की प्रगति पर चर्चा हुई। उन्होंने अधिकारियों को शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने के सख्त निर्देश दिए।
इस मौके पर सोजत विधायक शोभा चौहान सहित कई जनप्रतिनिधि व अधिकारी मौजूद रहे।