मोती डूंगरी जाने से पहले पढ़ लें ये खबर, वरना जाम में फंसकर छूट सकता है दर्शन का समय!

Sep 13, 2026 - 15:30
Sep 13, 2026 - 22:30
 0
मोती डूंगरी जाने से पहले पढ़ लें ये खबर, वरना जाम में फंसकर छूट सकता है दर्शन का समय!

अनन्य सोच। गणेश चतुर्थी पर मोती डूंगरी मंदिर में उमड़ने वाली भारी भीड़ को देखते हुए इस बार पुलिस ने पहले से ही पूरा प्लान तैयार कर लिया है। अगर आप भी सोमवार को बप्पा के दर्शन करने का मन बना रहे हैं, तो निकलने से पहले Traffic Diversion और Parking की यह पूरी जानकारी जरूर पढ़ लें, वरना रास्ते में फंसकर आपका पूरा दिन खराब हो सकता है।

5 किलोमीटर के दायरे में बनाई गई 15 पार्किंग जगहें

डीसीपी ट्रैफिक योगेश गोयल के मुताबिक, मंदिर से पांच किलोमीटर के दायरे में कुल 15 जगहों पर वाहनों की पार्किंग व्यवस्था की गई है। इसमें करीब 3880 दुपहिया और 3240 चौपहिया वाहन खड़े किए जा सकेंगे। रामनिवास बाग की Underground Parking सबसे बड़ी रहेगी, जहां 1500 चौपहिया और 1000 दुपहिया वाहन आसानी से पार्क हो सकेंगे। इसके अलावा सुबोध कॉलेज, सेंट्रल लाइब्रेरी, आरयू परिसर और सेंट्रल पार्क के आसपास भी कई पॉइंट्स पर पार्किंग की सुविधा दी गई है।

पार्किंग से मंदिर तक फ्री ई-रिक्शा और बस सेवा

सबसे राहत की बात यह है कि पार्किंग स्थल से मंदिर तक पहुंचने के लिए श्रद्धालुओं को पैदल नहीं चलना पड़ेगा। मंदिर प्रशासन की ओर से Free E-Rickshaw Service उपलब्ध कराई जाएगी, वहीं JCTSL की बसें भी इस रूट पर चलाई जाएंगी। इसके अलावा पुलिस ने एक खास QR Code भी जारी किया है, जिसे स्कैन करके श्रद्धालु पार्किंग की स्थिति, नो-व्हीकल जोन और डायवर्जन से जुड़ी पूरी जानकारी अपने मोबाइल पर ही देख सकेंगे।

इन रास्तों पर रहेगा नो-व्हीकल जोन, समझ लें डायवर्जन प्लान

त्रिमूर्ति सर्किल से जेडीए चौराहा, आरबीआई तिराहे से गणेश मंदिर के बीच तख्तेशाही रोड और धर्मसिंह सर्किल से मंदिर तक का पूरा इलाका No-Vehicle Zone घोषित किया गया है। शांति पथ से आने वाले वाहनों को जेडीए चौराहा स्लिप लेन से जेएलएन मार्ग की ओर मोड़ा जाएगा, जबकि भीड़ बढ़ने पर टीला नंबर 7 से जवाहर नगर बाईपास की तरफ डायवर्जन किया जाएगा। मालवीय नगर से रामनिवास बाग जाने वाले वाहनों को गांधी सर्किल और रॉयल्टी तिराहे से निकाला जाएगा, वहीं गोपालपुरा से अजमेरी गेट जाने वालों को सहकार मार्ग की तरफ भेजा जाएगा।

बस रूट में भी बदलाव, हेल्पलाइन नंबर भी जारी

मेले के दौरान बसों के रूट में भी बड़ा फेरबदल किया गया है। दिल्ली रोड से सिंधी कैंप जाने वाली बसों को चंदवाजी होते हुए एक्सप्रेस हाईवे और सीकर रोड से डायवर्ट किया जाएगा। वहीं आगरा रोड से आने वाली रोडवेज बसें रोटरी सर्किल पर रोकी जाएंगी, जबकि निजी बसों को ट्रांसपोर्ट नगर बस स्टैंड तक ही सीमित रखा जाएगा। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए Traffic Police Helpline नंबर 1095 और वॉट्सऐप नंबर 8764866972 भी जारी किया गया है, ताकि किसी भी परेशानी की स्थिति में तुरंत मदद मिल सके।