ईंधन संरक्षण की दिशा में राज्यपाल हरिभाऊ बागडे की पहल, आधिकारिक काफिले में की वाहनों की कटौती

आमजन से सार्वजनिक परिवहन अपनाने और अनावश्यक वाहनों के उपयोग से बचने की अपील राज्यपाल बोले— ईंधन बचत देशहित और पर्यावरण संरक्षण के लिए बेहद जरूरी

May 14, 2026 - 14:34
 0
ईंधन संरक्षण की दिशा में राज्यपाल हरिभाऊ बागडे की पहल, आधिकारिक काफिले में की वाहनों की कटौती

अनन्य सोच। Haribhau Bagde ने ईंधन संरक्षण को लेकर बड़ा संदेश देते हुए अपने आधिकारिक काफिले में वाहनों की संख्या कम करने का निर्णय लिया है। गुरुवार को लोकभवन से एयरपोर्ट जाते समय राज्यपाल ने अपने काफिले के साथ चलने वाली पायलट कार, एंबुलेंस, फायर ब्रिगेड सहित अन्य अतिरिक्त वाहनों के उपयोग से मना कर दिया। इस संबंध में उनके निर्देश पर औपचारिक आदेश भी जारी किए गए हैं, जिनमें स्पष्ट रूप से काफिले में सीमित वाहनों के उपयोग को सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। राज्यपाल ने कहा कि बढ़ती ईंधन खपत और पर्यावरणीय चुनौतियों को देखते हुए प्रत्येक नागरिक को जिम्मेदारी निभानी चाहिए। उन्होंने आमजन से अपील की कि वे अनावश्यक निजी वाहनों के उपयोग को कम करें और अधिक से अधिक सार्वजनिक परिवहन का इस्तेमाल करें। उनका मानना है कि छोटी-छोटी पहलें बड़े बदलाव का आधार बन सकती हैं।

राज्यपाल हरिभाऊ बागडे ने बताया कि यह कदम प्रधानमंत्री Narendra Modi की ईंधन संरक्षण संबंधी अपील से प्रेरित होकर उठाया गया है। उन्होंने कहा कि सरकारी स्तर पर भी कम से कम वाहनों के उपयोग की संस्कृति विकसित की जानी चाहिए, ताकि ईंधन की बचत के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिल सके। उन्होंने अधिकारियों को भी निर्देश दिए कि सरकारी कार्यक्रमों और यात्राओं के दौरान वाहनों के उपयोग को यथासंभव सीमित रखा जाए। राज्यपाल ने कहा कि यदि सरकार और आमजन मिलकर ईंधन बचत की दिशा में प्रयास करें, तो इससे आर्थिक बचत के साथ पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखने में भी मदद मिलेगी। राज्यपाल की इस पहल को प्रशासनिक सादगी और जिम्मेदार शासन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। आमजन और विभिन्न सामाजिक संगठनों ने भी इस निर्णय की सराहना की है।