नक्की झील के किनारे झूम उठा आबूराज! सीएम भजनलाल ने हजारों के साथ किया योग, जानें इस बार की खास थीम

12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर सिरोही में भव्य आयोजन, सीएम ने सुना पीएम मोदी का कोलकाता से संबोधन, गुब्बारे उड़ाकर दिया विश्व शांति का संदेश

Jun 21, 2026 - 16:23
Jun 21, 2026 - 16:59
 0
नक्की झील के किनारे झूम उठा आबूराज! सीएम भजनलाल ने हजारों के साथ किया योग, जानें इस बार की खास थीम

अनन्य सोच। अरावली की वादियों में बसे आबूराज की फिजा रविवार को योग की ऊर्जा से सराबोर हो गई। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा (CM Bhajanlal Sharma) ने 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस (International Yoga Day) के अवसर पर सिरोही जिले के आबूराज में आयोजित राज्यस्तरीय कार्यक्रम में नक्की झील के किनारे जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और आमजन के साथ योगाभ्यास किया। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी (PM Narendra Modi) द्वारा कोलकाता से दिए गए संबोधन को भी सुना।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अरावली की पावन गोद में बसा आबूराज अध्यात्म की भूमि है, जहां की निर्मल वायु और हरियाली योग की मूल भावना को साकार करती है। उन्होंने कहा कि देश ने योग को कर्म योग (Karma Yoga) से जोड़कर इसे व्यक्ति, समाज और राष्ट्र के विकास की शक्ति बना दिया है। उन्होंने बताया कि इस वर्ष योग दिवस की थीम ‘स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग’ रखी गई है, जो यह संदेश देती है कि योग सिर्फ युवाओं तक सीमित नहीं, बल्कि बढ़ती उम्र के लोगों को भी सक्रिय और संतुलित रखने का सशक्त माध्यम है।

2014 से शुरू हुआ था वैश्विक सफर

मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी ने 2014 में संयुक्त राष्ट्र महासभा (United Nations General Assembly) में दुनिया को योग से परिचित कराया, जिसके बाद संयुक्त राष्ट्र ने 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाने की पहल की। उन्होंने याद दिलाया कि 2015 के पहले योग दिवस पर प्रधानमंत्री के साथ 35,985 लोगों ने एक साथ योग कर विश्व रिकॉर्ड बनाया था।

राजस्थान ने बनाए कई रेकॉर्ड

मुख्यमंत्री ने गर्व से बताया कि 2018 में कोटा में 1 लाख 5 हजार से अधिक लोगों ने एक साथ योग कर गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड (Guinness World Record) बनाया था, जबकि 2025 में योग संगम पोर्टल पर 85 लाख से अधिक पंजीकरण के साथ राजस्थान देशभर में पहले स्थान पर रहा।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने उपस्थित जनसमूह को मानसिक स्थिरता और विश्व शांति के लिए प्रतिबद्ध रहने की शपथ दिलाई, साथ ही सफेद गुब्बारे उड़ाकर निरोगी राजस्थान का संदेश दिया गया। इस मौके पर मंत्री ओटाराम देवासी, के.के. विश्नोई, सांसद मदन राठौड़, मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।