जन्माष्टमी पर उमड़ेगा भक्तों का सैलाब, प्रशासन ने कस ली कमर — जानें कब और कहां से निकलेगी भव्य शोभायात्रा!

गोविंददेवजी मंदिर से गोपीनाथ मंदिर तक निकलेगा भक्ति का रेला, सुरक्षा से लेकर पार्किंग तक हर इंतजाम में जुटा जिला प्रशासन

Sep 1, 2026 - 22:30
Sep 1, 2026 - 23:11
 0
जन्माष्टमी पर उमड़ेगा भक्तों का सैलाब, प्रशासन ने कस ली कमर — जानें कब और कहां से निकलेगी भव्य शोभायात्रा!

अनन्य सोच । जयपुर में जन्माष्टमी पर्व को लेकर उत्साह अपने चरम पर है और जिला प्रशासन ने इसकी तैयारियां भी पूरी तरह से युद्धस्तर पर शुरू कर दी हैं। 4 सितंबर, शुक्रवार को शहर के प्रमुख मंदिरों में भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव पर धार्मिक कार्यक्रमों की धूम रहेगी। श्री गोविंददेवजी मंदिर, इस्कॉन मंदिर मानसरोवर, हरे कृष्ण मंदिर अक्षयपात्र जगतपुरा और अक्षरधाम मंदिर वैशालीनगर सहित शहर के कई मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना और आयोजन होंगे।

लेकिन असली आकर्षण का केंद्र रहेगी 5 सितंबर की शाम, जब गोविंददेवजी मंदिर से शाम 4 बजे भव्य शोभायात्रा रवाना होगी। यह यात्रा जलेबी चौक, सिरहड्योढ़ी बाजार, बड़ी चौपड़, जौहरी बाजार, सांगानेरी गेट, बापू बाजार, न्यूगेट, चौड़ा रास्ता, त्रिपोलिया बाजार, छोटी चौपड़ और चांदपोल बाजार से होते हुए बगरूवालों के रास्ते श्री गोपीनाथ मंदिर पहुंचकर संपन्न होगी। इस दौरान शहर की पुरानी गलियों में भक्तिमय माहौल देखने को मिलेगा।

भारी भीड़ की आशंका को देखते हुए जिला कलक्टर संदेश नायक ने सभी विभागों को अलर्ट मोड में रहने के निर्देश दिए हैं। पुलिस विभाग को सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण, ट्रैफिक और पार्किंग व्यवस्था के साथ पूरे शोभायात्रा मार्ग पर पर्याप्त फोर्स तैनात करने को कहा गया है। वहीं नगर निगम जयपुर को साफ-सफाई, रोशनी, कचरा प्रबंधन, पेयजल, पार्किंग, फायर सेफ्टी और अतिक्रमण हटाने जैसी जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।

इसके अलावा चिकित्सा विभाग को एम्बुलेंस और मेडिकल टीम तैनात करने, विद्युत विभाग को निर्बाध बिजली आपूर्ति और ढीले तारों को दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए हैं। मंदिर प्रबंधन को भी श्रद्धालुओं की एंट्री-एग्जिट, सीसीटीवी निगरानी और कंट्रोल रूम जैसी व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने को कहा गया है। जिला कलक्टर ने सभी विभागों को आपसी तालमेल बनाकर श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की हिदायत दी है।