पश्चिम जिले में पुलिस का बड़ा एक्शन: 200 अतिरिक्त जवानों के साथ सघन नाकाबंदी अभियान

संदिग्ध वाहनों और युवकों की देर रात तक हुई जांच

May 11, 2026 - 08:46
May 11, 2026 - 08:48
 0
पश्चिम जिले में पुलिस का बड़ा एक्शन: 200 अतिरिक्त जवानों के साथ सघन नाकाबंदी अभियान

अनन्य सोच। शहर के पश्चिम जिले में रविवार शाम पुलिस प्रशासन द्वारा अपराध नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से विशेष श्रेणी का सघन नाकाबंदी अभियान चलाया गया। इस अभियान के तहत जिलेभर के प्रमुख मार्गों, चौराहों और संवेदनशील क्षेत्रों में व्यापक स्तर पर पुलिस बल तैनात कर संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की गहन जांच की गई।

दो घंटे चला विशेष अभियान

यह विशेष अभियान शाम 8 बजे से रात 10 बजे तक लगातार चलाया गया। पुलिस टीमों ने अलग-अलग स्थानों पर नाकाबंदी कर सैकड़ों दोपहिया और चारपहिया वाहनों की जांच की। इस दौरान गड़बड़ नंबर प्लेट, ब्लैक फिल्म लगे वाहन, बिना दस्तावेज चल रहे वाहन तथा मोटर व्हीकल एक्ट के नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई।

संदिग्ध गतिविधियों पर रखी गई पैनी नजर

अभियान के दौरान पुलिस ने सड़क पर संदिग्ध परिस्थितियों में घूम रहे युवकों और वाहनों पर विशेष निगरानी रखी। पुलिस अधिकारियों ने कई वाहनों की तलाशी लेकर दस्तावेजों की जांच की तथा संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ भी की। अधिकारियों के अनुसार, इस अभियान का मुख्य उद्देश्य अपराधियों और असामाजिक तत्वों पर प्रभावी अंकुश लगाना है ताकि शहर में कानून व्यवस्था मजबूत बनी रहे।

200 अतिरिक्त पुलिसकर्मियों का लगाया गया जाप्ता

एडिशनल कमिश्नर लॉ एंड ऑर्डर राजीव पचार ने बताया कि इस विशेष अभियान के लिए पश्चिम जिले की पुलिस के अलावा करीब 200 अतिरिक्त पुलिसकर्मियों का जाप्ता लगाया गया था। उन्होंने कहा कि शहर में अपराध नियंत्रण, संदिग्ध गतिविधियों पर रोक लगाने तथा आमजन में सुरक्षा का विश्वास मजबूत करने के लिए इस तरह के अभियान लगातार चलाए जा रहे हैं।

अन्य जिलों में भी जारी रहेगा अभियान

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जयपुर शहर के अन्य जिलों में भी आगामी दिनों में इसी तरह की विशेष नाकाबंदी और जांच अभियान लगातार चलाए जाएंगे। पुलिस प्रशासन ने आमजन से यातायात नियमों का पालन करने और संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की है।