जयपुर में बिजली गुल होने से अटकी NEET-PG परीक्षा! अब 5 सितंबर को होगा दोबारा एग्जाम, जानें पूरी डिटेल
नीट-पीजी 2026 परीक्षा के दौरान जयपुर के एक सेंटर पर हुई तकनीकी खामी ने सैकड़ों अभ्यर्थियों की धड़कनें बढ़ा दीं, लेकिन अब बोर्ड ने उनके लिए राहत भरा फैसला ले लिया है।
अनन्य सोच। नेशनल बोर्ड ऑफ एग्जामिनेशन इन मेडिकल साइंसेज (NBEMS) ने आज जयपुर के सीतापुरा स्थित आईओएन डिजिटल जोन के दो परीक्षा केंद्रों पर बिजली आपूर्ति में आई तकनीकी खराबी के चलते प्रभावित हुए अभ्यर्थियों के लिए दोबारा परीक्षा आयोजित करने का बड़ा निर्णय लिया है। यह फैसला उन उम्मीदवारों के लिए राहत की खबर है, जो तकनीकी बाधा के कारण अपनी परीक्षा पूरी नहीं कर सके थे।
बोर्ड की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक, 30 अगस्त को देशभर के 1,111 केंद्रों पर नीट-पीजी 2026 परीक्षा का आयोजन किया गया, जिसमें कुल 2,73,096 अभ्यर्थियों ने रजिस्ट्रेशन कराया था। इनमें से 2,65,980 अभ्यर्थी परीक्षा में उपस्थित हुए, जबकि लगभग 2,63,535 उम्मीदवार अपनी परीक्षा पूरी तरह से संपन्न कर पाए।
हालांकि जयपुर के सीतापुरा स्थित आईओएन डिजिटल जोन के दो सेंटरों, जिनके टेस्ट सेंटर कोड 41682 और 41683 हैं, वहां आंतरिक बिजली आपूर्ति में गड़बड़ी आने के कारण कुछ अभ्यर्थी अपनी परीक्षा पूरी नहीं कर सके। इस तकनीकी बाधा को गंभीरता से लेते हुए एनबीईएमएस ने प्रभावित अभ्यर्थियों को हुई असुविधा के लिए खेद भी जताया है।
राहत की बात यह है कि बोर्ड ने प्रभावित सभी अभ्यर्थियों के लिए 5 सितंबर 2026, शनिवार को दोपहर 3 बजे जयपुर में विशेष पुनः परीक्षा आयोजित करने की घोषणा कर दी है। बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि पुनः परीक्षा के लिए केंद्र और अन्य जरूरी जानकारी जल्द ही अलग से जारी की जाएगी, ताकि उम्मीदवारों को किसी तरह की असुविधा का सामना न करना पड़े।
इसके साथ ही संबंधित सभी अभ्यर्थियों को उनके संशोधित एडमिट कार्ड भी अलग से जारी किए जाएंगे, जिनकी मदद से वे नई परीक्षा तिथि पर बिना किसी परेशानी के परीक्षा में शामिल हो सकेंगे। मेडिकल क्षेत्र में करियर बनाने का सपना देख रहे इन अभ्यर्थियों के लिए यह फैसला निश्चित रूप से बड़ी राहत लेकर आया है।