पंचायती राज चुनाव में बड़ा उलटफेर, आरक्षण लॉटरी की तारीख बदली, अब इस दिन खुलेगा किस्मत का पिटारा
नगरीय निकाय चुनावों की वार्ड लॉटरी से टकराव के चलते सरकार ने लिया बड़ा फैसला, जानें अब कब होगी जिला परिषद और सरपंच पद की लॉटरी
अनन्य सोच। राजस्थान में पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। राज्य सरकार ने आरक्षण एवं लॉटरी प्रक्रिया की तिथियों में अहम बदलाव कर दिया है। पहले यह प्रक्रिया 17 और 18 अगस्त को संपन्न होनी थी, लेकिन नगरीय निकाय चुनावों की वार्ड लॉटरी भी 17 अगस्त को निर्धारित होने के कारण तारीखों में टकराव पैदा हो गया, जिसके चलते सरकार को यह बड़ा फैसला लेना पड़ा।
कोर्ट के आदेश की पालना में 15 नवंबर तक पूरे होंगे चुनाव
ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज विभाग के अनुसार, राज्य सरकार court के आदेश की पालना करते हुए नगरीय निकायों एवं पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव 15 नवंबर तक हर हाल में पूरे करने के लिए प्रतिबद्ध है। इसी क्रम में नगरीय निकायों के अध्यक्ष और जिला प्रमुख पदों की लॉटरी प्रक्रिया 13 अगस्त को पहले ही पूरी की जा चुकी है।
अब इन तारीखों पर होगी जिला स्तर और उपखंड स्तर की लॉटरी
विभाग के मुताबिक, पंचायती राज चुनाव के द्वितीय चरण में जिला स्तर यानी जिला परिषद सदस्य, प्रधान एवं पंचायत समिति सदस्य पदों की आरक्षण/लॉटरी अब 17 सितंबर को निकाली जाएगी। वहीं उपखंड स्तर पर सरपंच एवं वार्ड पंच पदों की लॉटरी 18 सितंबर 2026 को आयोजित की जाएगी।
सभी जिलाधिकारियों को दिए गए सख्त निर्देश
शासन सचिव डॉ. जोगा राम ने प्रदेश के सभी जिलाधिकारियों को स्पष्ट निर्देश जारी करते हुए कहा है कि नई तिथियों के अनुसार ही आरक्षण एवं लॉटरी प्रक्रिया समयबद्ध रूप से सुनिश्चित की जाए, ताकि पंचायती राज चुनाव तय समय सीमा में पूरे हो सकें। अब सभी की निगाहें सितंबर में होने वाली इस महत्वपूर्ण प्रक्रिया पर टिकी हैं, जो लाखों जनप्रतिनिधियों के भविष्य का फैसला करेगी।