6 महीने बाद राजस्थान में बड़ा प्रशासनिक धमाका: 187 RAS अफसरों के तबादले, कई जिलों के SDM बदले

सरकार का बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, जयपुर से लेकर जिलों तक अफसरशाही में हलचल

May 13, 2026 - 22:55
May 13, 2026 - 23:05
 0
6 महीने बाद राजस्थान में बड़ा प्रशासनिक धमाका: 187 RAS अफसरों के तबादले, कई जिलों के SDM बदले

अनन्य सोच। राजस्थान सरकार ने लंबे समय बाद बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 187 आरएएस अधिकारियों के तबादले कर दिए हैं। मंगलवार देर रात जारी हुई इस सूची के बाद प्रशासनिक महकमे में हलचल तेज हो गई है। इससे पहले नवंबर 2025 में केवल 22 आरएएस अधिकारियों के तबादले हुए थे, लेकिन करीब छह महीने बाद अब एक साथ इतने बड़े स्तर पर किए गए तबादलों ने प्रदेश की ब्यूरोक्रेसी में नई चर्चाओं को जन्म दे दिया है।

इस व्यापक फेरबदल के तहत कई जिलों में एडीएम और एसडीएम बदले गए हैं, वहीं राजधानी जयपुर के विभिन्न विभागों में भी नए अधिकारियों की नियुक्तियां की गई हैं। सरकार ने कई महत्वपूर्ण विभागों में निदेशक स्तर तक बदलाव कर प्रशासनिक ढांचे को नया स्वरूप देने की कोशिश की है। राजनीतिक और प्रशासनिक गलियारों में यह चर्चा भी तेज है कि इस तबादला सूची में सत्ताधारी विधायकों की सिफारिशों को विशेष महत्व दिया गया है।

तबादला सूची में गौ-पालन विभाग के निदेशक पंकज ओझा को सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग में निदेशक पद पर लगाया गया है। वहीं गोविंद गुरु जनजातीय विश्वविद्यालय की रजिस्ट्रार कश्मि कौर रान को गौ-पालन विभाग का नया निदेशक बनाया गया है। इसके अलावा राजस्थान बीज निगम के प्रबंध निदेशक पद पर भी बदलाव किया गया है।

सूत्रों के अनुसार, राज्य सरकार ने सभी ट्रांसफर और नई पोस्टिंग को अंतिम रूप पहले ही दे दिया था, लेकिन प्रशासनिक और राजनीतिक समीकरणों के चलते सूची जारी होने में देरी हुई। अब सूची जारी होते ही कई जिलों में नए प्रशासनिक समीकरण बनने शुरू हो गए हैं।

हाल ही में 16 आरपीएस अधिकारियों के तबादलों के बाद एसीबी में भी बड़ा फेरबदल देखने को मिला था। अब आरएएस अधिकारियों के तबादलों ने प्रशासनिक गतिविधियों को और तेज कर दिया है। माना जा रहा है कि आगामी समय में विभागीय कार्यप्रणाली और जिला प्रशासन में इसका सीधा असर देखने को मिलेगा।