Rajasthan में Diwali के बाद Air Quality: 34 में से 17 शहरों में AQI बेहतर, पर कई शहरों में हवा अब भी 'Poor'
राजस्थान राज्य प्रदूषण नियंत्रण मंडल के अनुसार पिछली दीपावली की तुलना में 34 में से 17 शहरों में AQI सुधरा। दौसा में सर्वाधिक 44.4% सुधार रहा, जबकि हनुमानगढ़, भिवाड़ी और श्रीगंगानगर में हवा अब भी खराब है।
अनन्य सोच । राजस्थान राज्य प्रदूषण नियंत्रण मंडल के आंकड़ों के अनुसार पिछली दीपावली की तुलना में इस बार प्रदेश के 34 में से 17 शहरों में Air Quality Index (AQI) में कमी दर्ज हुई। मंडल के सदस्य सचिव कपिल चंद्रवाल ने बताया कि प्रदेश के 37 जिलों में 50 स्थानों पर लगे निगरानी केंद्रों से 24×7 Air Quality Monitoring की जा रही है।
दौसा में सबसे ज्यादा सुधार
दीपावली के दिन (8 नवंबर) दौसा में न्यूनतम AQI 124 और खैरथल में अधिकतम AQI 362 दर्ज हुआ। गत वर्ष की तुलना में दौसा में सर्वाधिक 44.4% और भीलवाड़ा में 43.5% सुधार रहा।
Noise Pollution: बांसवाड़ा अग्रणी
मंडल ने 25 जिलों के 58 स्थानों पर दीपावली से सात दिन पहले और दीपावली के दिन ध्वनि स्तर की तुलना की। 12 शहरों में दिन और 13 शहरों में रात के समय Noise Pollution घटा। बांसवाड़ा में दिन में 25.4% और रात में 38.6% की कमी रही।
कुछ शहरों में स्तर बढ़ा भी। झुंझुनूं में दिन में 16.6% और भिवाड़ी में रात में 8.2% वृद्धि हुई। अधिकतम ध्वनि स्तर दिन में झुंझुनूं में 84.1 dB(A) और रात में अजमेर में 86.0 dB(A) रहा।
जयपुर के आठ स्थानों में राजा पार्क में दिन में 14.3% और मानसरोवर में रात में 3.7% की कमी आई। सीतापुरा और मानसरोवर में दिन में 9.3% तथा सीतापुरा में रात में 8.7% वृद्धि हुई। अधिकतम स्तर दिन में मानसरोवर (86.6 dB(A)) और रात में राजा पार्क (91.4 dB(A)) रहा।
सोमवार-मंगलवार: कई शहरों में अब भी 'Poor' और 'Very Poor' हवा
सोमवार के आंकड़ों में खैरथल का AQI 362 रहा। श्रीगंगानगर (350), भिवाड़ी RIICO (331), जोधपुर कलेक्ट्रेट (320), अलवर (313), कोटपूतली (305) और बीकानेर (295) भी ऊंचे स्तर पर थे।
मंगलवार को हवा कुछ साफ हुई, पर हनुमानगढ़ का AQI 274 से बढ़कर 299 हो गया और वह शीर्ष पर रहा। भिवाड़ी RIICO में 289, श्रीगंगानगर में 278, कोटा के श्रीनाथपुरम में 275, बीकानेर में 269 और अलवर में 259 दर्ज हुआ। झुंझुनूं (239), खैरथल (235), चूरू (234), टोंक (233) और जोधपुर कलेक्ट्रेट (227) भी 'खराब' श्रेणी में रहे।
जयपुर का औसत AQI 227 से घटकर 200 पर आया। मानसरोवर 279 से 234, शास्त्री नगर 246 से 224 और पुलिस कमिश्नरेट क्षेत्र 236 से 234 पर रहा। जोधपुर का औसत 255 से 182, उदयपुर का 252 से 210 और पाली का 264 से 204 हो गया। कोटा का औसत 258 से 245 रहा, जबकि धौलपुर में 213 दर्ज हुआ।
डूंगरपुर (82) में हवा 'संतोषजनक' रही। डीग में AQI 162 से घटकर 109 हुआ। भीलवाड़ा (117), प्रतापगढ़ (115) और राजसमंद (111) 'मध्यम' श्रेणी में रहे। भिवाड़ी के वसुंधरा कॉलोनी और कोटपूतली केंद्रों से मंगलवार को पर्याप्त डेटा नहीं मिला।
AQI पैमाना: 201–300 'खराब' और 301–400 'बेहद खराब' श्रेणी मानी जाती है।
NCR के छह शहरों में विशेष अभियान
सुप्रीम कोर्ट और CPCB के निर्देशों पर अलवर, भिवाड़ी, खैरथल, भरतपुर, डीग और कोटपूतली में 2 से 30 नवंबर तक विशेष जांच अभियान चल रहा है। इसमें वायु के साथ जल और मृदा के नमूनों की जांच हो रही है।