जयपुर में जीएसटी घोटाले का पर्दाफाश: 60 में से 32 फर्में निकलीं फर्जी, 15.73 करोड़ की टैक्स चोरी पकड़ी

डेटा एनालिटिक्स की मदद से राज्य कर विभाग ने की बड़ी कार्रवाई, अवैध बिलिंग नेटवर्क पर कसा शिकंजा, आगे और भी बड़े खुलासों की तैयारी

Jul 2, 2026 - 13:41
Jul 2, 2026 - 13:49
 0
जयपुर में जीएसटी घोटाले का पर्दाफाश: 60 में से 32 फर्में निकलीं फर्जी, 15.73 करोड़ की टैक्स चोरी पकड़ी

अनन्य सोच। राजस्थान में टैक्स चोरी और फर्जी बिलिंग करने वालों के खिलाफ राज्य कर विभाग ने एक बड़ा और सटीक ऑपरेशन अंजाम दिया है। Data Analytics और Risk Analysis पर आधारित एक विशेष वेरिफिकेशन ड्राइव में ऐसी विसंगतियां सामने आई हैं, जिसने पूरे विभाग को चौंका दिया। जांच के दायरे में आए 60 संदिग्ध GST Registration में से आधे से ज्यादा यानी 32 पंजीकरण पूरी तरह फर्जी और अस्तित्वहीन पाए गए हैं।

कैसे हुआ खुलासा

विभागीय अधिकारियों के अनुसार, प्रदेशभर में डेटा एनालिटिक्स के जरिए संदिग्ध ट्रांजैक्शन और असामान्य व्यापारिक गतिविधियों वाले GST पंजीकरणों को पहले चिन्हित किया गया। इसके बाद इन सभी 60 फर्मों का भौतिक सत्यापन (Physical Verification) कराया गया, जिसमें चौंकाने वाले तथ्य सामने आए। शेष बचे मामलों की जांच अभी जारी है, यानी आंकड़ा और बढ़ सकता है।

15.73 करोड़ की Illegal ITC पर लगाई रोक

सबसे बड़ी बात यह रही कि विभाग ने त्वरित एक्शन लेते हुए इन फर्जी फर्मों से जुड़े 15.73 करोड़ रुपए के Input Tax Credit (ITC) को तुरंत ब्लॉक कर दिया, जिससे सरकारी खजाने को बड़ा नुकसान होने से बचाया जा सका। अधिकारियों का कहना है कि बाकी मामलों में भी गहनता से पड़ताल की जा रही है और जांच पूरी होते ही दोषियों पर GST अधिनियम के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

आगे भी चलेगा अभियान

विभाग ने साफ किया है कि यह सिर्फ शुरुआत है। Fake Billing और ITC Fraud के जरिए सरकारी राजस्व को चूना लगाने वाले नेटवर्क के खिलाफ आने वाले समय में भी इसी तरह के डेटा आधारित विशेष अभियान लगातार चलाए जाएंगे। साथ ही विभाग ने सभी करदाताओं से अपील की है कि वे केवल वास्तविक और वैध व्यापारिक लेन-देन ही करें और फर्जी बिलिंग जैसी गतिविधियों से दूर रहें, ताकि राज्य के विकास में उनकी सहभागिता बनी रहे।