Rajasthan Petrochemical Zone: CM भजनलाल शर्मा बोले, 3 माह में हो भूखंड आवंटन
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने Rajasthan Petrochemical Zone की बैठक में 3 माह में भूखंड आवंटन और 6 माह में औद्योगिक इकाई शुरू करने के निर्देश दिए।
अनन्य सोच । मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने14 नवंबर को Rajasthan Petrochemical Zone के विकास, औद्योगिक निवेश और संभावनाओं पर उच्च स्तरीय बैठक में अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जोन में औद्योगिक भूखंडों का आवंटन आगामी तीन माह में पूरा किया जाए और आवंटन के छह माह के भीतर औद्योगिक इकाई की स्थापना व संचालन सुनिश्चित हो। उनके अनुसार यह जोन प्रदेश में रोजगार सृजन और राजस्व अर्जन का प्रमुख केंद्र बन रहा है।
नीलामी और नोटिस के निर्देश
मुख्यमंत्री ने शेष भूखंडों का आवंटन शीघ्र नीलामी के जरिए करने को कहा। साथ ही, भूखंड मिलने के बावजूद औद्योगिक गतिविधि शुरू नहीं करने वाले आवंटियों को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि औद्योगिक भूमि का उपयोग वास्तविक उत्पादन के लिए हो, निवेश के नाम पर भूखंड लंबित न रखे जाएं।
स्थानीय उत्पादन और Refinery By-products
मुख्यमंत्री ने कहा कि जोन का विकास इस तरह हो कि रिफाइनरी के उत्पादों का उपयोग प्रदेश की औद्योगिक इकाइयां कर सकें। उन्होंने सीमेंट, पाइप सहित अन्य उत्पादों में पेट्रोकेमिकल उत्पादों के उपयोग की संभावनाएं आंकने और मौजूदा मांग व भविष्य की जरूरतों का अध्ययन कराने को कहा। रिफाइनरी अधिकारियों को स्थानीय स्तर पर इकाइयां लगाने वाले निवेशकों को By-products रियायती दरों पर उपलब्ध कराने की दिशा में कार्यवाही के निर्देश भी दिए गए।
बालोतरा में Investors Meet
मुख्यमंत्री ने बालोतरा में निवेशकों की बैठक कराने और समय-समय पर निवेश सम्मेलन आयोजित करने के निर्देश दिए। उन्होंने राजस्थान निवेश प्रोत्साहन योजना और Plug and Play सहित अन्य योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर दिया। पहले से कार्यरत उद्यमियों के साथ भी बैठक कर उनकी मांगों के समाधान को कहा गया।
बैठक में अतिरिक्त मुख्य सचिव (मुख्यमंत्री कार्यालय) अखिल अरोड़ा, निवेश संवर्धन ब्यूरो, RIICO, उद्योग विभाग के अधिकारी मौजूद रहे। HPCL Rajasthan Refinery Limited के अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से जुड़े।