10 दिसंबर को होगा प्रवासी राजस्थानी दिवस, CM भजनलाल शर्मा ने दिए बड़े निर्देश, जानें क्या है खास प्लान
राजस्थान से बाहर बसे लाखों प्रवासियों के लिए एक बड़ी खबर है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने प्रवासी राजस्थानी दिवस को लेकर ऐसी तैयारियों के निर्देश दिए हैं, जो प्रदेश के विकास की तस्वीर बदल सकते हैं।
अनन्य सोच। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि प्रवासी राजस्थानी दिवस विश्वभर में बसे राजस्थानियों और उनकी मातृभूमि के बीच संबंधों को और मजबूत करने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि इस आयोजन के जरिए प्रवासियों को प्रदेश के विकास एवं निवेश में सहभागी बनने का सुनहरा अवसर मिलेगा।
मुख्यमंत्री रविवार को प्रवासी राजस्थानी दिवस के आयोजन को लेकर हुई अहम बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। उन्होंने आगामी 10 दिसंबर को प्रस्तावित इस आयोजन की सभी तैयारियों को समयबद्ध और सुव्यवस्थित तरीके से पूरा करने के सख्त निर्देश दिए।
CM ने कहा कि विभिन्न चैप्टर्स के माध्यम से प्रवासी राजस्थानियों से निरंतर और सक्रिय संवाद स्थापित किया जाए, साथ ही जरूरत के अनुसार नए चैप्टर्स का भी शीघ्र संचालन सुनिश्चित हो। जिला कलक्टर्स को भी प्रवासियों से सीधा समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए गए, ताकि उनका जुड़ाव प्रदेश से और गहरा हो सके।
बैठक में बताया गया कि कार्यक्रम में ऊर्जा एवं अक्षय ऊर्जा, पर्यटन एवं हॉस्पिटेलिटी, शहरी विकास, औद्योगिक विकास, खनन एवं पेट्रोकेमिकल जैसे अहम विषयों पर सेक्टोरल सत्र आयोजित होंगे। इसके अलावा प्रवासियों की अधिकाधिक भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए विभिन्न शहरों में रोड शो भी आयोजित किए जाएंगे।
लेकिन सबसे दिलचस्प पहलू यह रहा कि मुख्यमंत्री ने शेखावाटी क्षेत्र के प्रवासियों के लिए एक विशेष कार्यक्रम की घोषणा की, जो सीधे शेखावाटी में ही आयोजित होगा। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार ने इस क्षेत्र में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए 660 से ज्यादा ऐतिहासिक हवेलियों का चिन्हीकरण किया है, जिससे प्रवासी अपनी विरासत से और गहराई से जुड़ सकें।
गौरतलब है कि CM भजनलाल शर्मा ने 10 दिसंबर 2024 को राइजिंग राजस्थान ग्लोबल इन्वेस्टमेंट समिट के दौरान हर साल प्रवासी राजस्थानी दिवस मनाने की घोषणा की थी। इस वर्ष यह दूसरा आयोजन होने जा रहा है।
बैठक में मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास सहित उद्योग, नगरीय विकास, वित्त, राजस्व, कृषि, स्वायत शासन, ऊर्जा और पर्यटन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।