कोलकाता में दिखा 'मिनी राजस्थान'! स्पीकर देवनानी और CM सुवेंदु अधिकारी की मुलाकात में हुई बड़ी बातें

पश्चिम बंगाल के दो दिवसीय दौरे पर पहुंचे राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी का जोरदार स्वागत, CM सुवेंदु अधिकारी से मुलाकात में दोनों राज्यों के विकास पर हुई गहन चर्चा, प्रवासी राजस्थानियों ने भी लगाया आत्मीयता का तड़का।

Jul 3, 2026 - 07:16
Jul 3, 2026 - 07:24
 0
कोलकाता में दिखा 'मिनी राजस्थान'! स्पीकर देवनानी और CM सुवेंदु अधिकारी की मुलाकात में हुई बड़ी बातें

अनन्य सोच। राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी गुरुवार को पश्चिम बंगाल के दो दिवसीय दौरे पर कोलकाता पहुंचे, जहां उनका जोरदार स्वागत हुआ। इस दौरे में सबसे खास पल रहा जब देवनानी ने कोलकाता स्थित पश्चिम बंगाल राज्य सचिवालय में मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी से शिष्टाचार भेंट की। CM अधिकारी ने पुष्प गुच्छ भेंट कर देवनानी का अभिवादन किया, वहीं देवनानी ने उन्हें दुपट्टा पहनाकर और राजस्थान विधानसभा का स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।

इस मुलाकात के दौरान दोनों नेताओं के बीच राजस्थान और पश्चिम बंगाल से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। देवनानी ने CM अधिकारी को उनके नेतृत्व में पश्चिम बंगाल के विकास और सुशासन के नए कीर्तिमान स्थापित होने की शुभकामनाएं भी दीं।

इसके बाद देवनानी कोलकाता के प्रतिष्ठित ITC रॉयल बंगाल होटल पहुंचे, जहां राजस्थान फोरम की ओर से आयोजित 'मीट एंड ग्रीट' कार्यक्रम में पश्चिम बंगाल में सक्रिय राजस्थान से जुड़ी एक दर्जन से अधिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने उनका भव्य स्वागत किया। इस मौके पर देवनानी ने प्रवासी राजस्थानियों से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'विकसित भारत' के सपने को साकार करने में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

देवनानी ने अपने संबोधन में कहा कि कुछ समय पहले तक पश्चिम बंगाल की स्थिति चिंताजनक थी और उद्योग-धंधे राज्य से बाहर जा रहे थे, लेकिन अब बदलते हालात से लोगों के चेहरों पर उत्साह और विश्वास साफ झलक रहा है। उन्होंने कोलकाता को 'छोटा राजस्थान' बताते हुए कहा कि राजस्थानी लोग जहां भी जाते हैं, अपने श्रम से पहचान बना लेते हैं।

गौरतलब है कि देवनानी 3 जुलाई को लोकसभा सचिवालय के PRIDE और पश्चिम बंगाल विधानसभा के संयुक्त तत्वावधान में नवनिर्वाचित विधायकों के राष्ट्रीय प्रबोधन कार्यक्रम में "संसदीय वित्तीय कार्य एवं बजटीय प्रक्रिया" विषय पर तकनीकी सत्र को संबोधित करेंगे। कार्यक्रम में राजस्थान फोरम के संस्थापक संदीप भूतोडिया, ग्रैमी विजेता पंडित विश्वमोहन भट्ट और पैरालंपियन देवेंद्र झाझरिया भी मौजूद रहे।