राजस्थान में पहली बार! विदेश जाने वालों के लिए बड़ी कॉन्फ्रेंस, फर्जी एजेंटों से बचने के मिलेंगे टिप्स
विदेश में नौकरी या पढ़ाई का सपना देख रहे राजस्थानियों के लिए बड़ी खबर है। 16 जुलाई को जयपुर में एक ऐसा आयोजन होने जा रहा है जो शायद पहले कभी नहीं हुआ। आखिर क्या है यह कॉन्फ्रेंस और आपके लिए क्यों जरूरी है, जानने के लिए पढ़ें पूरी खबर।
अनन्य सोच। राजस्थान में पहली बार 'विदेश संपर्क–स्टेट आउटरीच कॉन्फ्रेंस' का आयोजन होने जा रहा है। यह इवेंट 16 जुलाई को राजस्थान इंटरनेशनल सेंटर (RIC) में आयोजित किया जाएगा। इसका आयोजन विदेश मंत्रालय, भारत सरकार और राजस्थान सरकार के संयुक्त तत्वावधान में हो रहा है।
मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने बुधवार को सचिवालय में इस कॉन्फ्रेंस की तैयारियों को लेकर बैठक की। इस दौरान उन्होंने सेशन प्लान, स्पीकर्स, अतिथि प्रबंधन, लॉजिस्टिक्स, सिक्योरिटी और मीडिया कोऑर्डिनेशन सहित सभी व्यवस्थाओं की समीक्षा की और अधिकारियों को आपसी तालमेल के साथ काम करने के निर्देश दिए। कॉन्फ्रेंस की सह-अध्यक्षता विदेश मंत्रालय की सचिव श्रीप्रिया रंगनाथन और मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास करेंगे।
खास बात यह है कि इस कॉन्फ्रेंस में फर्जी एजेंटों और अवैध प्रवासन से बचने के तरीकों पर विस्तार से चर्चा होगी, जो हर साल हजारों युवाओं को गुमराह होने से बचा सकती है। इसके अलावा पासपोर्ट, वीजा और प्रवासी भारतीयों से जुड़ी सरकारी योजनाओं की जानकारी भी दी जाएगी। विदेश में काम करने वाले भारतीय वर्कर्स के कल्याण, निवेश के अवसर, स्किल डेवलपमेंट और टूरिज्म प्रमोशन जैसे विषयों पर भी चर्चा होगी।
गौरतलब है कि विदेश मंत्रालय ने यह आउटरीच प्रोग्राम साल 2017 में शुरू किया था। अब तक तेलंगाना, केरल, महाराष्ट्र, गुजरात, कर्नाटक सहित 12 राज्यों में यह आयोजित हो चुका है, लेकिन राजस्थान में यह पहला मौका होगा।
बैठक में राज्य के विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी, पुलिस अधिकारी, जिला कलक्टर जयपुर सहित कई अधिकारी मौजूद रहे, जबकि जोधपुर, जालोर, सीकर, झुंझुनू, नागौर, बाड़मेर, पाली और चुरू के कलक्टर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से जुड़े।