242 प्लॉट्स के लिए उमड़े 954 आवेदन, कल होगी ई-लॉटरी, जानें कहां मिला सबसे ज्यादा रिस्पॉन्स
RIICO की डायरेक्ट अलॉटमेंट स्कीम के 13वें फेज में निवेशकों की जबरदस्त दिलचस्पी, 311 करोड़ के प्लॉट्स पर टिकी नजरें
अनन्य सोच। राजस्थान में इंडस्ट्रियल इन्वेस्टमेंट को लेकर निवेशकों का भरोसा लगातार मजबूत होता दिख रहा है। RIICO की डायरेक्ट अलॉटमेंट स्कीम-2025 के 13वें चरण में इस बार भी जबरदस्त रिस्पॉन्स सामने आया है। महज 242 इंडस्ट्रियल प्लॉट्स के लिए 954 ऑनलाइन एप्लीकेशन RIICO के पास पहुंचे हैं। इन प्लॉट्स का कुल क्षेत्रफल करीब 152 एकड़ है और इनकी अनुमानित कीमत लगभग 311 करोड़ रुपये आंकी गई है। जिन प्लॉट्स पर एक से ज्यादा आवेदन आए हैं, उनके लिए 1 सितंबर 2026 को ई-लॉटरी निकाली जाएगी।
सबसे दिलचस्प बात यह रही कि जयपुर के श्रीराम जानकी इंडस्ट्रियल एरिया, कुंजबिहारीपुरा के सिर्फ 32 प्लॉट्स के लिए सबसे ज्यादा 659 एप्लीकेशन आईं, जो बताता है कि इस लोकेशन को लेकर निवेशकों में खासा क्रेज है। इसके अलावा बालोतरा के शिव इंडस्ट्रियल एरिया के लिए 10, भीलवाड़ा के धुनवाला के लिए 15, फतेहपुरा-समेलिया के लिए 12, बोरानाडा एक्सटेंशन के लिए 27 और मंडौर के चतालिया इंडस्ट्रियल एरिया के लिए 13 आवेदन दर्ज किए गए।
RIICO की इस स्कीम का ट्रैक रिकॉर्ड भी काफी दमदार रहा है। अब तक कुल 12 चरण पूरे हो चुके हैं, जिनमें 2,147 इंडस्ट्रियल प्लॉट्स का अलॉटमेंट किया जा चुका है। इनके जरिए राज्य में 20,500 करोड़ रुपये से ज्यादा का निवेश आया है और 42 हजार से अधिक लोगों को रोजगार के अवसर मिले हैं। इतना ही नहीं, फिलहाल 400 से ज्यादा प्लॉट्स का अलॉटमेंट प्रोसेस में है, जिनसे आगे 1,600 करोड़ रुपये के अतिरिक्त निवेश की उम्मीद जताई जा रही है।
दरअसल, राइजिंग राजस्थान समिट के दौरान जिन निवेशकों ने MOU साइन किए थे, उन्हें इसी डायरेक्ट अलॉटमेंट स्कीम के जरिए प्लॉट्स दिए जा रहे हैं। सरकार की यह पहल न सिर्फ नई इंडस्ट्रियल यूनिट्स की स्थापना को बढ़ावा दे रही है, बल्कि प्रदेश में रोजगार सृजन और आर्थिक विकास को भी नई मजबूती दे रही है।