RIICO Drone Survey: रीको के औद्योगिक क्षेत्रों का होगा Drone आधारित सर्वे, बनेंगे 3D Model और Digital Map
रीको चयनित औद्योगिक क्षेत्रों में ड्रोन आधारित भू-स्थानिक सर्वे करेगा। शुरुआती चरण में 50 वर्ग किमी क्षेत्र कवर होगा और हर भूखंड की डिजिटल एविडेंस शीट बनेगी।
अनन्य सोच । रीको (RIICO) औद्योगिक क्षेत्रों के बेहतर प्रबंधन और उद्यमियों की सुविधा के लिए चयनित औद्योगिक क्षेत्रों में Drone आधारित भू-स्थानिक सर्वेक्षण कराएगा। प्रारंभिक चरण में लगभग 50 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र का सर्वे किया जाएगा। इसके जरिए आधुनिक डिजिटल तकनीक से औद्योगिक भूखंडों, भवनों, सड़कों, भूमि उपयोग और अन्य आधारभूत सुविधाओं की विस्तृत जानकारी जुटाई जाएगी।
इसका उद्देश्य औद्योगिक क्षेत्रों को डिजिटल स्वरूप में उपलब्ध कराना है, ताकि भूखंडों की स्थिति का आकलन और भूमि उपयोग संबंधी गतिविधियों का विश्लेषण अधिक प्रभावी ढंग से हो सके।
2D Map, 3D Model और GIS Data
सर्वे से मिले आंकड़ों के आधार पर 2D डिजिटल मानचित्र और 3D मॉडल विकसित किए जाएंगे। जियो-टैग किए गए डेटा को GIS प्रणाली के अनुकूल तैयार किया जाएगा, जिससे औद्योगिक क्षेत्रों की योजना और विकास में मदद मिलेगी।
हर भूखंड की Digital Evidence Sheet
प्रत्येक भूखंड के लिए अलग डिजिटल एविडेंस शीट बनाई जाएगी। इसमें भूखंड की पहचान संख्या, सीमा, निर्माण की स्थिति, भूमि उपयोग का विवरण और रीको के लागू नियमों के अनुसार जानकारी होगी।
Infrastructure और संसाधनों की पहचान
ड्रोन सर्वे में औद्योगिक क्षेत्रों की आधारभूत सुविधाओं और प्राकृतिक संसाधनों की जानकारी भी जुटाई जाएगी। इसमें विद्युत अवसंरचना, सड़कें, पेड़-पौधे और अन्य स्थल विशेषताओं की पहचान तथा उनकी संख्या, लंबाई व अन्य जरूरी विवरणों का आकलन शामिल होगा। यह पहल औद्योगिक क्षेत्रों के प्रबंधन में आधुनिक भू-स्थानिक तकनीक के उपयोग को बढ़ावा देने और नियोजन व प्रशासनिक प्रक्रियाओं के लिए तथ्य-आधारित डिजिटल जानकारी उपलब्ध कराने की दिशा में अहम कदम है।