RPSC का बड़ा अपडेट! प्राध्यापक भर्ती में 926 अभ्यर्थी शॉर्टलिस्ट, लेकिन 192 की उम्मीदों पर फिरा पानी

प्राध्यापक बनने का सपना संजोए बैठे हजारों अभ्यर्थियों के लिए बड़ी खबर आई है। आयोग ने लंबे इंतजार के बाद विचारित सूची जारी कर दी है, जिसमें कई अभ्यर्थियों के लिए खुशखबरी है तो कुछ के लिए झटका भी। आखिर किन शर्तों पर अभ्यर्थियों को किया गया अयोग्य घोषित, और आगे क्या करना होगा, जानने के लिए पढ़ें पूरी खबर।

Aug 11, 2026 - 22:15
Aug 11, 2026 - 22:17
 0
RPSC का बड़ा अपडेट! प्राध्यापक भर्ती में 926 अभ्यर्थी शॉर्टलिस्ट, लेकिन 192 की उम्मीदों पर फिरा पानी

अनन्य सोच। राजस्थान लोक सेवा आयोग (RPSC) ने प्राध्यापक एवं कोच (स्कूल शिक्षा) प्रतियोगी परीक्षा-2025 के तहत हिस्ट्री और केमिस्ट्री विषय की विचारित सूची (Provisional List) जारी कर दी है। इसमें हिस्ट्री विषय के 611 और केमिस्ट्री विषय के 315 अभ्यर्थियों को पात्रता जांच (Eligibility Check) के लिए अस्थाई रूप से शामिल किया गया है। आयोग सचिव ने साफ किया है कि यह सूची केवल दस्तावेज सत्यापन (Document Verification) के मकसद से जारी की गई है और इसे चयन सूची या वरीयता सूची न समझा जाए। अंतिम चयनित अभ्यर्थियों की सूची संबंधित विभाग द्वारा दस्तावेज सत्यापन के बाद ही जारी होगी।

16 से 22 अगस्त तक भरना होगा डिटेल्ड एप्लिकेशन फॉर्म

विचारित सूची में शामिल सभी अभ्यर्थियों को अब अपने एसएसओ आईडी (SSO ID) के जरिए रिक्रूटमेंट पोर्टल पर विस्तृत आवेदन-पत्र ऑनलाइन भरना होगा। इसके लिए लिंक 16 से 22 अगस्त 2026 रात 11:59 बजे तक खुला रहेगा। आवेदन जमा करने के बाद अभ्यर्थियों को फॉर्म की दो प्रतियां प्रिंट कर सुरक्षित रखनी होंगी, क्योंकि माध्यमिक शिक्षा विभाग द्वारा तय की गई तारीख, समय और स्थान पर मूल दस्तावेजों व स्वयं सत्यापित प्रतियों के साथ उपस्थित होना अनिवार्य होगा। ध्यान रहे, दस्तावेज सत्यापन के लिए तय तारीख पर उपस्थित न होने वाले अभ्यर्थियों को अपात्र मानकर परिणाम से बाहर कर दिया जाएगा।

192 अभ्यर्थी घोषित हुए अयोग्य, वजह जानना जरूरी

आयोग ने बताया कि परीक्षा में 10% से अधिक सवालों में पांच में से कोई भी विकल्प न भरने के चलते हिस्ट्री विषय के 140 और केमिस्ट्री विषय के 52 यानी कुल 192 अभ्यर्थियों को अयोग्य (Disqualified) घोषित किया गया है। इन सभी अभ्यर्थियों के रोल नंबर आयोग की वेबसाइट पर अलग से जारी किए गए हैं। आयोग ने स्पष्ट किया कि दस्तावेज सत्यापन उपरांत पात्र अभ्यर्थियों की सूची विभाग द्वारा आयोग को भेजी जाएगी, जिसके बाद ही अंतिम परिणाम और नियुक्ति की प्रक्रिया शुरू होगी। अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे आयोग की वेबसाइट पर नियमित रूप से अपडेट चेक करते रहें।