181 Helpline बनी जनता की ताकत: 5,536 शिकायतों में 96.55% का निस्तारण, रूडसिको के ED ने खुद किया परिवादियों से संवाद

महेश शर्मा।

Jun 2, 2026 - 17:53
 0
181 Helpline बनी जनता की ताकत: 5,536 शिकायतों में 96.55% का निस्तारण, रूडसिको के ED ने खुद किया परिवादियों से संवाद

अनन्य सोच। आमजन की शिकायतों के त्वरित समाधान की दिशा में राजस्थान सरकार की पहल लगातार प्रभावी साबित हो रही है। इसी क्रम में RUDSICO (Rajasthan Urban Drinking Water, Sewerage and Infrastructure Corporation Limited) के कार्यकारी निदेशक हरिमोहन मीणा ने मंगलवार को शासन सचिवालय स्थित Rajasthan Sampark (181) Helpline Center का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पोर्टल की कार्यप्रणाली की सराहना करते हुए इसे जनता और सरकार के बीच भरोसे का मजबूत माध्यम बताया।

निरीक्षण के दौरान हरिमोहन मीणा ने स्वयं हेल्पलाइन पर परिवादियों से बातचीत कर उनकी समस्याओं को सुना और संबंधित अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। करौली निवासी लोकेश बैरवा ने Pradhan Mantri Awas Yojana के तहत भुगतान लंबित होने की शिकायत दर्ज कराई। जांच में सामने आया कि केवाईसी प्रक्रिया पूरी नहीं होने के कारण भुगतान अटका हुआ था। मीणा ने परिवादी को आश्वस्त किया कि प्रक्रिया पूर्ण होते ही भुगतान जारी कर दिया जाएगा।

वहीं बालोतरा के रामकिशन ने सीवर लाइन बिछाने के बाद तीन माह से सड़क निर्माण नहीं होने की समस्या बताई। इस पर कार्यकारी निदेशक ने तत्काल संबंधित अधिकारियों को निर्देश जारी कर शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने को कहा। इसके अलावा झालावाड़ के रामलाल, गंगानगर के बलराम सहित अन्य परिवादियों से भी संवाद कर उनकी शिकायतों के समाधान की प्रगति जानी।

आंकड़ों पर नजर डालें तो RUIDP और RUDSICO से जुड़े कुल 5,536 प्रकरण अब तक पोर्टल पर दर्ज हुए हैं। इनमें से 5,345 शिकायतों का निस्तारण किया जा चुका है, जो लगभग 96.55 प्रतिशत है। विभाग का Satisfaction Level 66.32 प्रतिशत दर्ज किया गया है, जबकि शिकायतों का औसत निस्तारण 23 दिनों में हो रहा है।

गौरतलब है कि मुख्यमंत्री Bhajanlal Sharma के निर्देशानुसार सभी विभागों के सचिव निर्धारित तिथियों पर 181 Helpline Control Room में पहुंचकर परिवादियों से सीधे संवाद कर रहे हैं। यही वजह है कि अब नागरिक घर बैठे शिकायत दर्ज कर उसका समाधान भी प्राप्त कर रहे हैं, जिससे प्रशासनिक व्यवस्था में पारदर्शिता और विश्वास दोनों मजबूत हो रहे हैं।