10 राज्यों से आएंगी 70 सुरीली प्रतिभाएं! जयपुर में सजेगा सुरों का महाकुंभ, पद्मभूषण पं. विश्व मोहन भट्ट करेंगे जज
देशभर की उभरती संगीत प्रतिभाओं के लिए जयपुर में एक ऐसा मंच सज रहा है, जहां सुरों की साधना करने वाले युवा कलाकार अपने हुनर से सबका दिल जीतने उतरेंगे। इस भव्य आयोजन में जहां प्रतिभाओं को पहचान मिलेगी, वहीं संगीत जगत की कई बड़ी हस्तियां भी एक मंच पर नजर आएंगी।
अनन्य सोच । सुर संगम संस्थान का 37वां राष्ट्रीय युवा संगीत समारोह और राष्ट्रीय गायन प्रतिभा प्रतियोगिता (National Talent Hunt Competition) 1 और 2 अक्टूबर को टोंक रोड स्थित होटल बीलवा पैलेस में आयोजित होगा। इस दो दिवसीय आयोजन में देश के 10 राज्यों से चुनी गई 70 से अधिक युवा प्रतिभाएं अपनी गायन कला का प्रदर्शन करेंगी।
राज्यपाल बागड़े देंगे विजेताओं को अवार्ड
सुर संगम के राष्ट्रीय महासचिव मुकेश अग्रवाल ने बताया कि प्रतियोगिता में प्रतिभागी शास्त्रीय, सुगम और लोक संगीत की अलग-अलग विधाओं में अपनी प्रतिभा दिखाएंगे। समारोह के समापन पर 2 अक्टूबर शाम को राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कृत करेंगे।
पद्मभूषण विश्व मोहन भट्ट संभालेंगे निर्णायक की कुर्सी
प्रतियोगिता के मूल्यांकन के लिए संगीत जगत की दिग्गज हस्तियों का निर्णायक मंडल (Jury Panel) बनाया गया है। पद्मभूषण पंडित विश्व मोहन भट्ट मुख्य निर्णायक होंगे, उनके साथ पद्मश्री पिनाज़ मसानी, संगीतकार दीपक पंडित और बॉलीवुड सिंगर राजा हसन जैसी हस्तियां भी शामिल रहेंगी।
नगरीय विकास मंत्री करेंगे शुभारंभ
समारोह का उद्घाटन 1 अक्टूबर सुबह 10 बजे राजस्थान के नगरीय विकास मंत्री झाबर सिंह खर्रा करेंगे, जिसके बाद विभिन्न वर्गों की प्रतियोगिताएं शुरू होंगी।
लाखों रुपए के इनाम रहेंगे आकर्षण
सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाली प्रतिभा को 1 लाख रुपए का नकद पुरस्कार मिलेगा। इसके अलावा 'रतन धन अवार्ड' और 'गणेश राणा स्मृति पुरस्कार' के तहत भी कई प्रतिभागियों को सम्मानित किया जाएगा।
संयोजक प्रसन्नजीत मालू ने बताया कि गोल्डन जुबली वर्ष में आयोजित यह समारोह भारतीय संगीत परंपरा को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम बनेगा।