वीजीयू और पी.आर.सी.आई. के बीच रणनीतिक साझेदारी
मीडिया, जनसंपर्क और कॉर्पोरेट कम्युनिकेशन के क्षेत्र में विद्यार्थियों को मिलेंगे नए अवसर
अनन्य सोच। विवेकानंद ग्लोबल यूनिवर्सिटी एवं पब्लिक रिलेशंस काउंसिल ऑफ इंडिया के मध्य पत्रकारिता, जनसंपर्क, कॉर्पोरेट कम्युनिकेशन एवं मीडिया शिक्षा के क्षेत्र में अकादमिक और व्यावसायिक सहयोग को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए। इस साझेदारी का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों, शोधार्थियों और शिक्षकों को उद्योग आधारित प्रशिक्षण, शोध, इंटर्नशिप एवं व्यावहारिक अनुभव प्रदान करना है, ताकि वे आधुनिक मीडिया उद्योग की आवश्यकताओं के अनुरूप खुद को तैयार कर सकें।
शिक्षा और उद्योग जगत के बीच बनेगा मजबूत तालमेल
एमओयू हस्ताक्षर कार्यक्रम में विश्वविद्यालय और पी.आर.सी.आई. के वरिष्ठ प्रतिनिधियों की गरिमामयी उपस्थिति रही। विश्वविद्यालय की ओर से कुलपति प्रो. (डॉ.) एन.डी. माथुर, उप-कुलपति प्रो. डी.वी.एस. भगवाननुलु, ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट सेल के निदेशक डॉ. धीरज सिंह तथा पत्रकारिता एवं जनसंचार विभागाध्यक्ष दीपक प्रसाद उपस्थित रहे। वहीं पी.आर.सी.आई. जयपुर चैप्टर की ओर से अध्यक्ष सोमेंद्र हर्ष, सचिव सन्नी कुलश्रेष्ठ एवं सह सचिव डॉ. राहुल बाबू कोडाली सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम में पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग के सहायक प्राध्यापक डॉ. सचिन प्रताप सिंह, श्रीमती रमा चौधरी, डॉ. विकास कुमार एवं फाल्गुनी शर्मा सहित विश्वविद्यालय और पी.आर.सी.आई. से जुड़े कई शिक्षाविदों एवं सदस्यों ने सहभागिता की।
विद्यार्थियों को मिलेगा व्यावहारिक अनुभव
एमओयू के तहत दोनों संस्थाएँ संयुक्त रूप से संगोष्ठी, कार्यशालाएँ, सम्मेलन, उद्योग विशेषज्ञों के साथ संवाद सत्र, अतिथि व्याख्यान, शोध गतिविधियाँ एवं कौशल विकास कार्यक्रम आयोजित करेंगी। इसके साथ ही विद्यार्थियों को जनसंपर्क, विज्ञापन और कॉर्पोरेट संचार के क्षेत्र में इंटर्नशिप तथा प्रोफेशनल ट्रेनिंग के अवसर भी उपलब्ध कराए जाएंगे।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने कहा कि वर्तमान समय में मीडिया एवं जनसंपर्क उद्योग तेजी से बदल रहा है। ऐसे में विद्यार्थियों को केवल सैद्धांतिक ज्ञान तक सीमित रखना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उन्हें उद्योग की वास्तविक कार्यप्रणाली और चुनौतियों से परिचित कराना भी आवश्यक है। यह सहयोग विद्यार्थियों को रोजगार और करियर विकास की नई संभावनाओं से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
शोध, लाइव प्रोजेक्ट्स और नेटवर्किंग पर रहेगा फोकस
पी.आर.सी.आई. प्रतिनिधियों ने इस पहल को मीडिया शिक्षा और प्रोफेशनल नेटवर्किंग के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण कदम बताया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के सहयोग से विद्यार्थियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर संचार एवं जनसंपर्क की नई प्रवृत्तियों को समझने का अवसर मिलेगा।
एमओयू के माध्यम से दोनों संस्थाएँ संयुक्त शोध परियोजनाओं, प्रकाशनों, मीडिया अभियानों और सामाजिक सरोकारों से जुड़े जनजागरूकता कार्यक्रमों पर भी कार्य करेंगी। साथ ही विद्यार्थियों को उद्योग विशेषज्ञों के साथ लाइव प्रोजेक्ट्स पर कार्य करने का अवसर मिलेगा, जिससे उनकी कार्य दक्षता, नेतृत्व क्षमता और संवाद कौशल का विकास हो सकेगा।
कार्यक्रम के अंत में सभी अतिथियों ने इस साझेदारी को शिक्षा और उद्योग जगत के बीच मजबूत समन्वय स्थापित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताते हुए भविष्य में इसे और व्यापक स्तर पर आगे बढ़ाने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।