टेलीकॉम से AI तक का सफर, आकाश अंबानी ने खोला Jio के अगले 10 साल का बड़ा प्लान

Jio के 10 साल पूरे होने के खास मौके पर चेयरमैन आकाश अंबानी ने कर्मचारियों को एक भावुक पत्र लिखा है। इस पत्र में उन्होंने कंपनी की अगली रणनीति, AI पर फोकस और ग्लोबल विस्तार को लेकर बड़े संकेत दिए हैं।

Sep 6, 2026 - 20:37
Sep 6, 2026 - 20:58
 0
टेलीकॉम से AI तक का सफर, आकाश अंबानी ने खोला Jio के अगले 10 साल का बड़ा प्लान

AI और ग्लोबल मार्केट पर रहेगा Jio का पूरा फोकस

अनन्य सोच। मुंबई से आई एक बड़ी अपडेट में Reliance Jio के चेयरमैन आकाश अंबानी ने कंपनी की अगली दिशा को लेकर अहम जानकारी साझा की है। जियो के 10 वर्ष पूरे होने के मौके पर उन्होंने सभी कर्मचारियों के नाम एक पत्र लिखा, जिसमें आने वाले दशक के लिए कंपनी की रणनीति साफ तौर पर सामने रखी गई। आकाश ने बताया कि अब जियो सिर्फ एक टेलीकॉम कंपनी नहीं रह गई है, बल्कि यह कनेक्टिविटी के साथ-साथ डिजिटल प्रोडक्ट्स, एंटरप्राइज सॉल्यूशंस और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के क्षेत्र में भी तेजी से आगे बढ़ रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि कंपनी की अगली प्राथमिकता भारत में विकसित हो रही टेक्नोलॉजी को न सिर्फ देश के कोने-कोने तक पहुंचाना है, बल्कि उसे इंटरनेशनल मार्केट्स में भी उतारना है। AI को उन्होंने भविष्य की सबसे बड़ी ताकत करार देते हुए कहा कि यह लोगों के काम करने, इनोवेशन और समस्याओं को सुलझाने के तरीके को पूरी तरह बदल देगा।

IPO नहीं, कर्मचारियों और विजन पर रहा पत्र का फोकस

दिलचस्प बात यह रही कि यह पत्र ऐसे वक्त आया है जब जियो अपनी लिस्टिंग प्रक्रिया की ओर आगे बढ़ चुकी है, लेकिन आकाश अंबानी ने अपने पत्र में IPO जैसे विषयों की बजाय कंपनी की टेक्नोलॉजी यात्रा और वैश्विक महत्वाकांक्षाओं पर ज्यादा जोर दिया। उन्होंने जियो की सफलता का पूरा श्रेय कंपनी के कर्मचारियों को देते हुए कहा कि यह सफर सिर्फ आंकड़ों का नहीं, बल्कि उन लोगों के जज्बे का है जिन्होंने चुनौतियों को स्वीकार कर ग्राहकों को हमेशा प्राथमिकता दी। साथ ही उन्होंने पिता और रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी के मार्गदर्शन और विजन के लिए भी विशेष आभार व्यक्त किया। आकाश ने भावुक अंदाज में कहा कि पहला दशक गर्व करने लायक रहा है, लेकिन आने वाले सालों में हासिल करने के लिए अभी बहुत कुछ बाकी है।