76 साल पुराने बांधों को मिलेगी नई जिंदगी: 8.70 करोड़ की मेगा परियोजना का शिलान्यास, 8 हजार किसानों के खेतों तक पहुंचेगा भरपूर पानी
भीम और भोपालसागर Dam के जीर्णोद्धार से बदलेगी सिंचाई की तस्वीर, किसानों की आय बढ़ाने और Water Management मजबूत करने पर सरकार का बड़ा फोकस
अनन्य सोच। राजसमंद जिले के किसानों के लिए गुरुवार का दिन बड़ी सौगात लेकर आया। वर्षों पुराने Bhim Dam और Bhopalsagar Dam के साथ उनकी नहर प्रणालियों के Renovation और Modernization Project का भव्य शिलान्यास किया गया। करीब 8 करोड़ 70 लाख रुपए की लागत से होने वाले इस विकास कार्य से क्षेत्र के लगभग 8 हजार काश्तकारों को सीधा लाभ मिलेगा। सबसे खास बात यह है कि 1950 और 1956 में बने इन बांधों को अब आधुनिक स्वरूप दिया जाएगा, जिससे सिंचाई और जल प्रबंधन दोनों मजबूत होंगे।
जल संसाधन मंत्री सुरेश सिंह रावत और भीम विधायक हरिसिंह रावत ने परियोजना का शिलान्यास करते हुए कहा कि राज्य सरकार किसानों को बेहतर Irrigation Facility उपलब्ध कराने और जल संसाधनों को सुदृढ़ बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि पुराने सिंचाई ढांचों के नवीनीकरण से जल भंडारण क्षमता बढ़ेगी, नहरों में पानी का प्रवाह बेहतर होगा और कृषि उत्पादन को नई गति मिलेगी।
मंत्री ने कहा कि प्रदेश में Water Conservation, Irrigation Infrastructure और ग्रामीण विकास को प्राथमिकता दी जा रही है। सिंचाई परियोजनाओं के विस्तार से न केवल खेती मजबूत होगी, बल्कि किसानों की आय बढ़ाने में भी मदद मिलेगी।
जल संसाधन विभाग के अधिशाषी अभियंता मान सिंह जोरवाल के अनुसार, भीम बांध का निर्माण वर्ष 1950 और भोपालसागर बांध का निर्माण वर्ष 1956 में हुआ था। वर्तमान में दोनों परियोजनाओं से लगभग 931 हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई सुविधा उपलब्ध हो रही है।
इन गांवों को मिलेगा सीधा फायदा
परियोजना पूरी होने के बाद कालादेह, समेलिया, पाटियों का वाड़ा, दहेड़िया छोटा, दहेड़िया बड़ा, तितरी, बंगला की हूड्डी, वालिया की कुड़ी, बरातों का वाड़िया, गुजरों का वाड़िया और चैनपुरा सहित कई गांवों के किसानों को बेहतर सिंचाई सुविधा मिलेगी। परियोजना को 24 अप्रैल 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
ग्रामीणों और किसानों को उम्मीद है कि दशकों पुराने बांधों और नहरों के पुनर्जीवन से खेती की तस्वीर बदलेगी, पानी की उपलब्धता बढ़ेगी और क्षेत्र के विकास को नई दिशा मिलेगी।