225 डांसर्स, एक मंच! बस्कर्स डी फेस्ट सीजन-10 में फ्रीस्टाइल से लेकर घूमर तक छाया जलवा

तिलक नगर स्थित बस्कर्स में रविवार का दिन नृत्य प्रेमियों के लिए किसी उत्सव से कम नहीं रहा। फ्रीस्टाइल, लोक और शास्त्रीय नृत्य की एक से बढ़कर एक प्रस्तुतियों ने दर्शकों और निर्णायकों दोनों को मंत्रमुग्ध कर दिया। जानिए बस्कर्स डी फेस्ट 2026 सीजन-10 के पहले सोलो राउंड में किन प्रतिभागियों ने बाजी मारी और अगला मुकाबला कब होगा...

Aug 2, 2026 - 23:26
Aug 2, 2026 - 23:27
 0
225 डांसर्स, एक मंच! बस्कर्स डी फेस्ट सीजन-10 में फ्रीस्टाइल से लेकर घूमर तक छाया जलवा
बस्कर्स डी फेस्ट 2026 सीजन-10 के प्रथम सोलो राउंड में अपनी प्रस्तुति देते प्रतिभागी।

अनन्य सोच। बस्कर्स (Buskers) द्वारा आयोजित प्रतिष्ठित नृत्य प्रतियोगिता "बस्कर्स डी फेस्ट 2026" (Buskers Dfest 2026) सीजन-10 के प्रथम सोलो चरण का शानदार आयोजन रविवार को तिलक नगर स्थित बस्कर्स में हुआ। इस प्रतियोगिता में फ्रीस्टाइल (Freestyle), फोक (Folk) और क्लासिकल (Classical) नृत्य शैलियों में दो अलग-अलग आयु वर्गों के छात्र-छात्राओं ने अपनी बेहतरीन प्रस्तुतियां दीं।

पहले राउंड में कुल 225 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया, जिनमें से 180 प्रतिभागियों को अगले राउंड के लिए चयनित किया गया। प्रतियोगिता का अगला सोलो राउंड 9 अगस्त को आयोजित किया जाएगा, जिसे लेकर प्रतिभागियों में खासा उत्साह देखा जा रहा है।

फ्रीस्टाइल डांस कैटेगरी में प्रतिभागियों ने टीवी शोज़ (TV Shows) से प्रेरित प्रस्तुतियों के जरिए निर्णायकों को प्रभावित करने की भरपूर कोशिश की। निर्णायक मंडल में राहुल योगी, एजाज़ आलम, अनुष्का शर्मा और पंकज राव जैसे अनुभवी जज शामिल रहे। फोक डांस में कालबेलिया, भवई, गिद्दा और चरी नृत्य की मनमोहक प्रस्तुतियां हुईं, वहीं क्लासिकल और सेमी-क्लासिकल डांस में लय और ताल का अनूठा संगम देखने को मिला।

पंजाबी भांगड़ा (Bhangra) और राजस्थानी घूमर (Ghoomar) ने भी दर्शकों को खूब आकर्षित किया। भरतनाट्यम, ओडिसी और कत्थक जैसी शास्त्रीय नृत्य शैलियों ने कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए। फ्रीस्टाइल कैटेगरी में भी प्रतिभागियों ने अद्भुत नृत्य कौशल का प्रदर्शन किया।

बस्कर्स के निदेशक बृजेश सक्सेना और हेमेंद्र सिंह गजावत ने बताया कि डी फेस्ट का मुख्य उद्देश्य स्कूल स्तर के भावी कलाकारों को एक सशक्त मंच प्रदान करना है, जो इस आयोजन में पूरी तरह सार्थक होता दिखाई दिया। कार्यक्रम के मुख्य सहयोगकर्ता फर्स्ट इंडिया (First India) और पूर्णिमा ग्रुप रहे।