मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का बड़ा तोहफा! बारां में सड़कों और जैसलमेर में सिंचाई के लिए भूमि आवंटन को दी हरी झंडी

राजस्थान सरकार ने ग्रामीण विकास और सिंचाई सुविधाओं को नई रफ्तार देने के लिए एक ही दिन में दो बड़े फैसले लिए हैं। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने बारां जिले में सड़क निर्माण और जैसलमेर में नहर परियोजना के लिए भूमि आवंटन को मंजूरी दे दी है, जिससे लाखों ग्रामीणों और किसानों को सीधा लाभ मिलने वाला है।

Sep 23, 2026 - 16:19
Sep 23, 2026 - 16:31
 0
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का बड़ा तोहफा! बारां में सड़कों और जैसलमेर में सिंचाई के लिए भूमि आवंटन को दी हरी झंडी

अनन्य सोच । मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने राज्य के दो अलग-अलग जिलों में विकास कार्यों को गति देने वाले महत्वपूर्ण निर्णय लिए हैं। पहला फैसला बारां जिले से जुड़ा है, जहां प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) के अंतर्गत छबड़ा, शाहबाद और बारां तहसीलों में कुल 11 सड़कों के निर्माण के लिए 26.40 हेक्टेयर वन भूमि आवंटित करने की स्वीकृति दी गई है। इन सड़कों के बनने से दूरदराज के गांवों और वन क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को आवागमन में बड़ी राहत मिलेगी। बेहतर सड़क संपर्क से शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं, कृषि उत्पादों की ढुलाई और स्थानीय व्यापार को भी नई गति मिलेगी।

दूसरा बड़ा निर्णय जैसलमेर जिले के लिए लिया गया है। मुख्यमंत्री ने इंदिरा गांधी नहर परियोजना क्षेत्र में एस्केप चैनल के निर्माण हेतु करीब 785 हेक्टेयर सरकारी भूमि आवंटित करने को मंजूरी दी है। यह चैनल बाबा रामदेव सब ब्रांच की बुर्जी पर प्रस्तावित है, और इसके बनने से पश्चिमी राजस्थान के नहरी क्षेत्र में जल प्रबंधन व्यवस्था और मजबूत होगी। इससे क्षेत्र के किसानों को सिंचाई के लिए समय पर पर्याप्त पानी मिलेगा, जिसका सीधा असर फसल उत्पादन और किसानों की आमदनी पर पड़ेगा।

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि प्रदेश के हर गांव तक बेहतर सड़क और सिंचाई सुविधाएं पहुंचाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 'विकसित भारत' के संकल्प को साकार करने के लिए राज्य सरकार ग्रामीण अधोसंरचना को सशक्त बनाने में जुटी है। इन दोनों स्वीकृतियों से बारां और जैसलमेर जिलों के हजारों परिवारों के जीवन स्तर में सुधार आने की उम्मीद जताई जा रही है।