दिल्ली में मौत का मंजर! सत्यनिकेतन में भरभराकर गिरी 5 मंजिला PG बिल्डिंग, मलबे में दबे दर्जनों छात्र
दिल्ली यूनिवर्सिटी के साउथ कैंपस के पास सत्यनिकेतन इलाके में रविवार दोपहर एक हादसे ने सबको हिलाकर रख दिया। छात्रों से भरी पांच मंजिला PG बिल्डिंग अचानक ढह गई, जिसमें कई छात्र मलबे में जिंदगी और मौत के बीच जूझते नजर आए।
अचानक भरभराकर गिरी इमारत, मची चीख-पुकार
अनन्य सोच। दिल्ली के सत्यनिकेतन इलाके से रविवार दोपहर एक बेहद डरावनी खबर सामने आई। यहां छात्रों के लिए बनी 'Hostel Daze' नाम की पांच मंजिला PG बिल्डिंग दोपहर करीब सवा एक बजे अचानक भरभराकर ढह गई। यह इमारत 40 से 50 साल पुरानी बताई जा रही है और इसमें बेसमेंट समेत करीब 15 से 25 कमरे थे, जहां हर कमरे में औसतन दो-तीन छात्र रहते थे। हादसे के वक्त बिल्डिंग के बेसमेंट में मरम्मत का काम चल रहा था, जिसे इस दर्दनाक हादसे की बड़ी वजह माना जा रहा है। अचानक आई तेज आवाज से आसपास के लोग घरों से बाहर भागे तो सामने मलबे का ढेर देखकर सबकी रूह कांप गई। रविवार का दिन होने की वजह से कुछ छात्र बाहर घूमने गए हुए थे, लेकिन बताया जा रहा है कि 20 से 30 छात्र उस वक्त कमरों में सो रहे थे, जब इमारत ढह गई।
रेस्क्यू ऑपरेशन जारी, CM रेखा गुप्ता खुद पहुंचीं मौके पर
हादसे की सूचना मिलते ही NDRF और दिल्ली पुलिस की टीमें तुरंत मौके पर पहुंच गईं और युद्धस्तर पर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। संकरी गलियों की वजह से बचाव कार्य में भारी दिक्कतें आईं, बावजूद इसके स्थानीय लोग भी हाथों और हथौड़ों से मलबा हटाकर लोगों को बचाने में जुट गए। अब तक इस हादसे में चार से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि कई छात्र गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। राहत की बात यह रही कि कई छात्रों को सुरक्षित मलबे से बाहर निकाल लिया गया, जिनमें ज्यादातर दिल्ली यूनिवर्सिटी के विद्यार्थी हैं। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता खुद घटनास्थल पर पहुंचीं और रेस्क्यू ऑपरेशन की निगरानी की। एहतियात के तौर पर आसपास की इमारतों को भी खाली करा लिया गया है, क्योंकि मलबे में कुछ वाहन भी दबे हुए हैं।