Diwali Flea Market 2026: जयपुर की कलानेरी में 21-25 अक्टूबर तक सजेगा कला, शिल्प और संगीत का संसार
Jaipur की कलानेरी आर्ट गैलरी में 21 से 25 अक्टूबर तक Diwali Flea Market। 45 कलाकार, GI Tag शिल्प, workshops और live music। Entry free।
अनन्य सोच ।दीपावली के उत्सवी उल्लास को कला, शिल्प, संगीत और साहित्य से जोड़ने के लिए जयपुर की कलानेरी आर्ट गैलरी में 21 से 25 अक्टूबर तक पांच दिवसीय Diwali Flea Market आयोजित होगा। यह आयोजन रोजाना शाम 5 से रात 10 बजे तक चलेगा। इसमें करीब 45 कलाकार और कला उत्पादों से जुड़े प्रतिभागी अपनी रचनात्मकता प्रदर्शित करेंगे। आयोजन में Entry Free रहेगी।
'वन वेंडर, वन आर्ट' का कॉन्सेप्ट
कलानेरी की सौम्या विजय शर्मा के अनुसार इस आयोजन की खास अवधारणा 'वन वेंडर, वन आर्ट' है। इसमें हर प्रतिभागी को अपनी विशिष्ट कला या शिल्प परंपरा दिखाने का मौका मिलेगा। उद्देश्य दीपावली की खरीदारी को सिर्फ बाजार तक सीमित न रखकर एक कलात्मक अनुभव बनाना है। लोग घर और ऑफिस की decoration, gifting और निजी उपयोग के लिए चीजें चुनने के साथ उनके सृजन की प्रक्रिया से भी परिचित हो सकेंगे।
GI Tag शिल्प में दिखेगी राजस्थान की पहचान
आयोजन में राजस्थान की पारंपरिक कलाओं और GI Tag प्राप्त शिल्पों को विशेष स्थान मिलेगा। इनमें ब्लू पॉटरी, सांगानेरी व बगरू block print, पिछवाई और मोलेला जैसी कला परंपराएं आकर्षण का केंद्र होंगी। आगंतुक राजस्थान की हस्तकला विरासत को नजदीक से देख सकेंगे।
Workshops, Music और साहित्य की शामें
हर दिन अलग creative workshops होंगी, जिनमें लोग मिट्टी और रंगों से अपनी कल्पना को आकार दे सकेंगे। इसके अलावा open mic, ग़ज़ल और गीतों की प्रस्तुतियां, शेरो-शायरी, साहित्यिक चर्चाएं, light show और 80 के दशक के बॉलीवुड संगीत पर आधारित विशेष संध्या होगी। खानपान के स्टॉल और live performances भी माहौल को जीवंत बनाएंगे।
सामाजिक सरोकारों को भी मंच
आयोजन में वंचित और जरूरतमंद वर्गों के लिए काम करने वाली संस्थाओं को भी भागीदारी का अवसर मिलेगा। इनमें द लाइफ सेवर (पद्मश्री डॉ. माया टंडन), बाल संबल और नया सवेरा शामिल हैं। कलानेरी की ओनर सौम्या विजय शर्मा और कलरूट्स के श्रेय शर्मा इस आयोजन से जुड़े हैं। पद्मश्री आर. के. डेरेवाला, पद्मश्री एस. शाकिर अली और पद्मश्री डॉ. माया टंडन दीप प्रज्ज्वलित कर शुभारंभ करेंगे।