अपोलो हॉस्पिटल्स की संगीता रेड्डी ने जयपुर में खोले सफलता के राज, बेटियों के साथ हुआ दिल छू लेने वाला संवाद

FICCI FLO जयपुर के मंच पर नेतृत्व, उद्देश्य और उद्यमिता पर हुई गहरी चर्चा, यंग जेनरेशन को मिली सीधी सीख

Sep 10, 2026 - 22:36
Sep 10, 2026 - 22:58
 0
अपोलो हॉस्पिटल्स की संगीता रेड्डी ने जयपुर में खोले सफलता के राज, बेटियों के साथ हुआ दिल छू लेने वाला संवाद

अनन्य सोच । पिंक सिटी में महिला उद्यमियों और लीडरशिप को समर्पित एक खास शाम का आयोजन हुआ, जहां देश की जानी-मानी बिजनेस लीडर ने अपने अनुभवों से सभी को प्रेरित किया। FICCI FLO जयपुर की ओर से आयोजित "An Evening with Sangita Reddy" कार्यक्रम में अपोलो हॉस्पिटल्स एंटरप्राइज लिमिटेड की जॉइंट मैनेजिंग डायरेक्टर संगीता रेड्डी ने रोज़ आमेर, जयपुर में अपनी लीडरशिप जर्नी के अनछुए पहलू साझा किए।

इस सत्र में पर्पज़फुल लीडरशिप, एंटरप्रेन्योरशिप, इनोवेशन और बदलते बिजनेस मॉडल पर गहन चर्चा हुई। संगीता रेड्डी ने साफ शब्दों में कहा कि हर व्यक्ति को अपने उद्देश्य पर रोजाना काम करना चाहिए और ऐसा कोई भी समझौता नहीं करना चाहिए जो आने वाले कल को प्रभावित करे। उन्होंने युवा उद्यमियों को सीख देते हुए कहा कि जिस विचार के साथ कोई बिजनेस शुरू होता है, वह समय के साथ बदलता रहता है, इसलिए लगातार सीखते रहना और खुद को अपडेट रखना बेहद जरूरी है।

सफलता खुद-ब-खुद नहीं मिलती, चाहिए निरंतर मेहनत

अपने अनुभव साझा करते हुए संगीता रेड्डी ने कहा कि आज बदलते अवसरों और एम्प्लॉई प्रेफरेंसेज़ के दौर में हर बिजनेस को खुद को नए सिरे से गढ़ना होगा। उन्होंने जोर देकर कहा कि सफलता कभी अपने आप नहीं मिलती, इसके पीछे निरंतर प्रयास, सही निवेश और मजबूत प्रतिबद्धता की जरूरत होती है।

बेटियों को मिला सीधा संवाद का सुनहरा मौका

इस कार्यक्रम की सबसे खास बात रही कि FICCI FLO सदस्यों की अठारह वर्ष से अधिक आयु की बेटियों ने भी इसमें हिस्सा लिया। इससे युवा महिलाओं को एक सफल महिला लीडर से सीधे बातचीत करने और उनके अनुभवों से सीखने का दुर्लभ मौका मिला। वेलनेस को भी इस आयोजन का हिस्सा बनाते हुए FICCI FLO जयपुर ने बॉडी कंपोजिशन एनालिसिस (BCA) की सुविधा भी उपलब्ध कराई, जिससे सदस्य प्रिवेंटिव हेल्थकेयर के प्रति और जागरूक हुए।

चेयरपर्सन ने बताया क्यों जरूरी हैं ऐसे मंच

FICCI FLO जयपुर 2026-27 की चेयरपर्सन वृंदा कोठारी ने कहा कि इस तरह के प्लेटफॉर्म महिलाओं और नई पीढ़ी को प्रेरणादायक लीडरशिप से जोड़ते हैं और उन्हें उद्देश्य व प्रभाव के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करते हैं। कार्यक्रम का समापन एक सार्थक संवाद के साथ हुआ, जिसने सभी प्रतिभागियों को लीडरशिप, पर्पज़ और एंटरप्रेन्योरशिप को लेकर नई सोच दी।