ग्राम रथ अभियान से गांवों में जागी विकास की नई उम्मीद प्रदेशभर में प्रभारी मंत्रियों की रात्रि चौपाल, किसानों को आधुनिक खेती और योजनाओं से जुड़ने का संदेश
अनन्य सोच। प्रदेशभर में चल रहे “ग्राम रथ अभियान” के तहत मंगलवार को विभिन्न जिलों में आयोजित रात्रि एवं संध्या चौपालों में प्रभारी मंत्रियों ने ग्रामीणों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का भरोसा दिलाया। चौपालों में किसानों को आधुनिक एवं जैविक खेती अपनाने, पशुपालन को बढ़ावा देने और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से जुड़ने का आह्वान किया गया।
सवाई माधोपुर में गौतम कुमार दक ने किसानों को किया प्रेरित
सवाई माधोपुर जिले की ग्राम पंचायत चूली में आयोजित रात्रि चौपाल में सहकारिता राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) एवं जिला प्रभारी मंत्री गौतम कुमार दक ने किसानों से आधुनिक एवं जैविक खेती अपनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि कृषि, डेयरी और सहकारिता क्षेत्र की मजबूती से गांव आत्मनिर्भर बनेंगे और किसानों की आय बढ़ेगी। उन्होंने बताया कि गोपाल क्रेडिट कार्ड योजना, मंगला पशु बीमा योजना और मुख्यमंत्री दुग्ध उत्पादक संबल योजना के माध्यम से किसानों और पशुपालकों को लाभ दिया जा रहा है। मुख्यमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत पात्र किसानों को अब प्रतिवर्ष कुल 9 हजार रुपये की सहायता मिल रही है।
कार्यक्रम में राजीविका समूह की महिला पूजा शाक्य ने स्वरोजगार से जीवन में आए बदलाव साझा किए। इस दौरान टीबी रोगियों को निक्षय किट, महिलाओं को मंगला बीमा पॉलिसी और किसानों को मृदा स्वास्थ्य कार्ड वितरित किए गए।
जोधपुर में मदन दिलावर ने दिए त्वरित समाधान के निर्देश
जोधपुर जिले के खेतासर गांव में आयोजित रात्रि चौपाल में शिक्षा मंत्री एवं प्रभारी मंत्री मदन दिलावर ने ग्रामीणों से आत्मीय संवाद किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि ग्रामीण क्षेत्रों की समस्याओं का संवेदनशीलता और जवाबदेही के साथ समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए।
जनसुनवाई के दौरान ग्रामीणों ने पेयजल, शिक्षा, सिंचाई और आधारभूत सुविधाओं से जुड़ी समस्याएं रखीं। प्रभारी मंत्री ने ट्यूबवेल निर्माण, टांका निर्माण और विद्यालय क्रमोन्नयन से जुड़े मामलों में त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गर्मी के मौसम में पेयजल व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बीकानेर में गजेंद्र सिंह खींवसर ने किसानों को दी नई तकनीकों की जानकारी
बीकानेर जिले के मुकाम और धुपालिया में चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री तथा जिला प्रभारी मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर ने ग्राम रथ अभियान का निरीक्षण किया और संध्या चौपाल में ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने कहा कि 23 से 25 मई तक आयोजित होने वाली ग्लोबल राजस्थान एग्रीटेक मीट ‘ग्राम-2026’ किसानों के लिए नई तकनीकों और नवाचारों को जानने का बड़ा मंच बनेगी। उन्होंने ग्रामीणों से इसमें भाग लेने का आह्वान किया। प्रभारी मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षा, चिकित्सा, पेयजल और सड़क विकास के क्षेत्र में तेजी से कार्य कर रही है। उन्होंने एचपीवी वैक्सीन अभियान की जानकारी देते हुए कहा कि 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की कोई भी बालिका इससे वंचित नहीं रहनी चाहिए।
बालोतरा और सिरोही में भी चौपालों के जरिए संवाद
बालोतरा जिले के सिमरखिया गांव में प्रभारी मंत्री जोराराम कुमावत ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनते हुए अधिकारियों को जनहित के मामलों में लापरवाही नहीं बरतने के निर्देश दिए। ग्रामीणों ने पेयजल संकट, सड़क मरम्मत, बिजली आपूर्ति और चिकित्सा सुविधाओं से जुड़े मुद्दे उठाए, जिनके त्वरित समाधान के निर्देश दिए गए। वहीं सिरोही जिले के गुलाबगंज में उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री एवं जिला प्रभारी मंत्री के.के. विश्नोई ने संध्या चौपाल में ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि ग्राम रथ अभियान सरकार की योजनाओं को गांव-गांव तक पहुंचाने का प्रभावी माध्यम बन रहा है। एलईडी वैन, कला जत्थों और विभागीय शिविरों के माध्यम से ग्रामीणों को योजनाओं की जानकारी दी गई तथा लाभार्थियों को विभिन्न योजनाओं के दस्तावेज भी वितरित किए गए।
गांव-गांव पहुंच रही सरकार की योजनाएं
प्रदेशभर में आयोजित इन चौपालों ने ग्रामीणों को सरकार से सीधे संवाद का अवसर दिया। ग्राम रथ अभियान के माध्यम से न केवल योजनाओं की जानकारी गांवों तक पहुंच रही है, बल्कि जनसुनवाई के जरिए समस्याओं के समाधान की प्रक्रिया भी तेज हो रही है।