राजस्थान की धरोहर का डिजिटल संकल्प: ज्ञान भारतम् मिशन के सर्वे को मिला ‘मिशन मोड’ का निर्देश
वीसी के जरिए कला एवं संस्कृति विभाग की समीक्षा बैठक, पांडुलिपियों के सर्वे और डिजिटाइजेशन पर जोर
अनन्य सोच। कला एवं संस्कृति विभाग की शासन उप सचिव डॉ अनुराधा गोगिया ने शुक्रवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेश के सभी जिला नोडल अधिकारियों के साथ ज्ञान भारतम् मिशन के अंतर्गत संचालित सर्वे अभियान की समीक्षा बैठक आयोजित की। यह राज्यव्यापी सर्वेक्षण 16 मार्च से 16 जून तक संचालित किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य राजस्थान में उपलब्ध प्राचीन पांडुलिपियों का व्यापक दस्तावेजीकरण करना है।
बैठक के दौरान डॉ. गोगिया ने स्पष्ट निर्देश दिए कि इस तीन माह के विशेष अभियान को ‘मिशन मोड’ में लेकर समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि यह सर्वे राजस्थान की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।
समीक्षा बैठक में सर्वेक्षकों की नियुक्ति और उनकी प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई। सभी जिलों को निर्देश दिए गए कि वे नियमित रूप से कार्ययोजना तैयार करें और हर सप्ताह अपनी प्रगति रिपोर्ट मुख्यालय को भेजें, ताकि अभियान की निगरानी प्रभावी ढंग से हो सके।
इस दौरान विभाग द्वारा राज्यभर में मौजूद पांडुलिपि भंडारों की लोकेशन मैपिंग की प्रक्रिया पर भी चर्चा की गई। इस पहल के तहत प्राचीन ग्रंथों और लिपियों के संग्रहण केंद्रों को डिजिटल प्लेटफॉर्म पर चिन्हित किया जा रहा है। साथ ही इन पांडुलिपियों को ‘ज्ञान भारतम्’ ऐप के माध्यम से जोड़ा जाएगा, जिससे भविष्य में उनका डिजिटाइजेशन संभव हो सकेगा।
बैठक में निजी व्यक्तियों के पास सुरक्षित ऐतिहासिक पांडुलिपियों पर विशेष ध्यान देने के निर्देश भी दिए गए। अधिकारियों से कहा गया कि वे ऐसे संरक्षकों से संवाद स्थापित कर इन पांडुलिपियों के सर्वे और डिजिटाइजेशन में सहयोग सुनिश्चित करें, ताकि अमूल्य धरोहर सुरक्षित रह सके।
डॉ. गोगिया ने कहा कि राजस्थान अपनी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत के लिए विश्वभर में प्रसिद्ध है और इस मिशन के माध्यम से यह सुनिश्चित किया जाएगा कि चाहे पांडुलिपियां सरकारी संस्थानों में हों या निजी कस्टडी में, उन्हें आने वाली पीढ़ियों के लिए संरक्षित और सुरक्षित रखा जा सके।
यह पहल न केवल सांस्कृतिक धरोहर के संरक्षण को मजबूती देगी, बल्कि शोध और शिक्षा के क्षेत्र में भी नई संभावनाएं खोलेगी।