Jaipur DLC Rate Hike: जयपुर DLC रेट्स में बड़ा उछाल: 4 महीने में दूसरी बार बढ़ीं दरें, जानें आपके इलाके में कितनी महंगी हुई जमीन
घर या प्लॉट खरीदने का सपना देख रहे हैं तो यह खबर आपके बजट को हिला सकती है। जयपुर में जमीनों की DLC दरों में एक बार फिर 20 से 25% तक की भारी बढ़ोतरी कर दी गई है, और नई दरें 3 अगस्त से लागू भी हो चुकी हैं।
अनन्य सोच। जयपुर में सिर्फ चार महीने के भीतर यह दूसरा मौका है जब जिला प्रशासन ने DLC (District Level Committee) दरों में इजाफा किया है। DIG स्टांप (द्वितीय) सुभाष महरिया के अनुसार, बाजार भाव और मौजूदा DLC दरों के बीच बढ़ते अंतर को देखते हुए शहर के अलग-अलग हिस्सों के लिए नई दरें तय की गई हैं। हालांकि राहत की बात यह है कि परकोटे और कच्ची बस्ती क्षेत्रों में कोई बढ़ोतरी नहीं की गई है।
किन इलाकों में कितनी महंगी हुई जमीन?
पूर्वी जयपुर में सबसे ज्यादा असर देखने को मिला है। जवाहर नगर, आदर्श नगर और राजापार्क में 20% जबकि मालवीय नगर, जगतपुरा, कानोता और छोह नागोरियान में 25% तक की वृद्धि हुई है। पश्चिमी क्षेत्र में अजमेर रोड, वैशाली नगर, निवारू रोड, टैगोर नगर, सोडाला, सिविल लाइन्स और झोटवाड़ा में 20% तक दरें बढ़ी हैं। उत्तरी जयपुर के विद्याधर नगर, अंबाबाड़ी, नेहरू नगर, शास्त्री नगर और सीकर रोड इलाकों में 15% इजाफा हुआ है, वहीं दक्षिणी जयपुर के सांगानेर, प्रताप नगर, मानसरोवर और प्रतापनगर रोड क्षेत्रों में 25% तक की सबसे तेज बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
रजिस्ट्री महंगी, EMI का बोझ भी बढ़ेगा
एडवोकेट संदीप शर्मा और देवेंद्र यादव बताते हैं कि DLC दरें बढ़ने का सीधा मतलब है नई प्रॉपर्टी की रजिस्ट्री पर ज्यादा टैक्स। बेस प्राइस बढ़ने से स्टाम्प ड्यूटी और रजिस्ट्रेशन खर्च दोनों बढ़ जाएंगे। साथ ही मकान की कुल लागत बढ़ने से खरीदारों को बैंक से ज्यादा लोन लेना पड़ेगा, जिसका सीधा असर मासिक EMI पर पड़ेगा।
उदाहरण के तौर पर, जगतपुरा में 100 वर्गमीटर के प्लॉट की पुरानी DLC दर 50 हजार रुपए प्रति वर्गमीटर थी, जो अब 20% वृद्धि के बाद बढ़कर 60 हजार रुपए प्रति वर्गमीटर हो गई है। यानी अगर आप जयपुर में प्रॉपर्टी खरीदने की योजना बना रहे हैं, तो जल्द फैसला लेना आपके लिए फायदेमंद साबित हो सकता है।